मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगामी नीट परीक्षा के सुव्यवस्थित और पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में आयोजित कलेक्टर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के दौरान उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पुलिस प्रशासन सहयोगात्मक रवैया अपनाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने की स्थिति में तत्काल तथ्यात्मक जानकारी जारी कर लोगों को अवगत कराया जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश के 30 जिलों में नीट परीक्षा के लिए 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सर्वाधिक 57 केंद्र इंदौर में हैं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित मध्यप्रदेश दौरे को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।