फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल में छठ महापर्व शुरू: 54 घाटों पर होगी सूर्य उपासना, शहर के साढ़े चार लाख लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व

Fri, 13 Nov 2026 07:44 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल में शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू हो गया। नगर निगम ने 54 घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं। कमला पार्क में भोजपुरी एकता मंच ने ठेकुआ बनाने के लिए निशुल्क गेहूं पिसाई शुरू कराई। 15 नवंबर को डूबते और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व पर दो दिन सरकारी छुट्टी की मांग भी उठी है।
विज्ञापन
बड़ा तालाब स्थित शीतलदास की बगिया छट घाट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भोपाल में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व को लेकर शहर के घाटों से लेकर घरों तक तैयारियां शुरू हो गई हैं। बिहार और पूर्वांचल की परंपराओं से जुड़ा छठ अब भोपाल की सांस्कृतिक पहचान का भी हिस्सा बन चुका है। शहर में रहने वाले करीब साढ़े चार लाख लोगों की आस्था से जुड़े इस पर्व के लिए नगर निगम ने 54 घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं। वहीं, पर्व के दौरान दो दिन का सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग भी उठी है। भोजपुरी एकता मंच की ओर से कमला पार्क स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में व्रतधारियों के लिए निशुल्क गेहूं पिसाई की व्यवस्था शुरू की गई है। ठेकुआ बनाने के लिए लगाई गई आटा चक्की का शुभारंभ एडीजी जयदीप प्रसाद ने पूजा-अर्चना के बाद किया। यह सुविधा 14 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान संस्था के संरक्षक चेतन सिंह, अध्यक्ष कुंवर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन


नहाय-खाय से शुरू हुई चार दिन की कठिन साधना
छठ के पहले दिन व्रतधारियों ने स्नान और पूजा के बाद सात्विक भोजन ग्रहण किया। इसमें अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाई जाती है। भोजन में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता। शनिवार को खरना होगा। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। 15 नवंबर को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके लिए दोपहर से ही घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा। 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा।

ठेकुआ और प्रसाद के लिए निशुल्क गेहूं पिसाई
छठ पूजा में घर पर तैयार ठेकुआ और अन्य प्रसाद का विशेष महत्व है। इसे देखते हुए भोजपुरी एकता मंच ने कमला पार्क स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में निशुल्क आटा चक्की की व्यवस्था की है। मंच के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद के मुताबिक, व्रतधारियों को प्रसाद तैयार करने के लिए शुद्ध गेहूं का आटा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
विज्ञापन


54 घाटों पर तैयारियां, शीतलदास की बगिया में विशेष आयोजन
प्रेमपुरा, नीलबड़ और बड़ा तालाब स्थित शीतलदास की बगिया छठ पूजा के प्रमुख केंद्र रहेंगे। शीतलदास की बगिया में 2100 मिट्टी के दीपों से दीपदान, 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा और भोजपुरी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा शहर की कई कॉलोनियों में अस्थायी पूजा कुंड भी तैयार किए गए हैं। नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने शीतलदास की बगिया पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान भोजपुरी एकता मंच के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद ने उन्हें घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। निगम की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड: पचमढ़ी से भी सर्द हुए भोपाल-इंदौर, बीस शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंचा
विज्ञापन



छठ पर दो दिन सरकारी छुट्टी की मांग
प्रेमपुरा छठ घाट समिति के सचिव चंद्रभान राय ने छठ महापर्व के दौरान दो दिन का सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की आस्था और परंपरा से जुड़ा पर्व है। चार दिनों तक चलने वाले आयोजन में व्रतधारियों के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी सक्रिय रहते हैं। ऐसे में दो दिन की छुट्टी मिलने से लोग बिना किसी परेशानी के पूजा और अनुष्ठानों में शामिल हो सकेंगे। भोपाल में छठ का आयोजन अब केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है। घाटों पर जुटने वाले श्रद्धालु, युवाओं की भागीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस पर्व को शहर की सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बना रहे हैं।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें