राजधानी भोपाल में सोमवार को राजनीतिक गतिविधियों के साथ धार्मिक आयोजन भी होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा प्रदर्शन करेगी। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार अपने सरकारी निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। लाल परेड मैदान में कुंकुमार्चन कार्यक्रम भी आयोजित होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। मध्यप्रदेश राज्यसभा सीट के लिए आज से नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री के पिता पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता दामोदरदास मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा भोपाल की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी दोपहर तीन बजे रेडक्रास चौराहा,1250 पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेंगी। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक विषयों को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय, दीनदयाल परिसर में दोपहर डेढ़ बजे आयोजित विशेष बैठक में शामिल होंगे। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। बैठक लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ को लेकर आगामी रणनीति बनेगी और राज्यसभा के नाम को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा हो सकती है। इसके अलावा सोशल मीडिया की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा हैं। बता दें मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए आज से दो नवंबर तक नामांकन कर सकेंगे।
लाल परेड मैदान में कुंकुमार्चन कार्यक्रम
भोपाल के लाल परेड मैदान में सोमवार शाम श्री मां राजराजेश्वरी हरिद्वार कोठी का कुंकुमार्चन कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में भोपाल समेत आसपास के जिलों से 25 हजार लोग और 1100 आचार्य शामिल होंगे। कार्यक्रम में सामूहिक श्रीविद्या साधना के साथ एक करोड़ कुंकुमार्चन, हवन और आरती की जाएगी। कार्यक्रम के चलते आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
उमंग सिंघार की प्रेस कॉन्फ्रेंस
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार सुबह 11 बजे अपने सरकारी निवास पर मीडिया से संवाद करेंगे। इस दौरान वे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखेंगे।