भोपाल मंडल में बगैर टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है,इसे लेकर रेलवे समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलता है। बुधवार को भोपाल मंडल के 9 स्टेशनों में करीब 8 घंटे तक एक साथ चेकिंग अभियान चलाया गया इस दौरान 1256 यात्रियों को बगैर टिकट पकड़ा और उनसे साढ़े 6 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला गया।
सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक चला अभियान
डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को भोपाल मंडल के नौ स्टेशनों जैसे भोपाल,रानी कमलापति,संत हिरदाराम नगर, गुना, बीना, इटारसी, हरदा,विदिशा, नर्मदापुरम स्टेशनों पर एक साथ सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक वाणिज्य विभाग के 10 पर्यवेक्षक ,104 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से किलाबन्दी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।पर्यवेक्षक टिकट चेकिंग स्टॉफ की निगरानी में चलाए गए इस टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन के बाहर निकलने वाले रास्ते की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के स्टेशन के बाहर न जा सकें।
153 गाड़ियों के यात्रियोंट की हुई चेकिंग
इस किला बन्दी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशनों पर आने-जाने वाली कुल 153 गाड़ियों के यात्रियों के टिकट की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 628 यात्री पकड़े गए, जिनसे रुपये 367925 बतौर किराया या जुर्माना वसूला किया गया। अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले कुल 594 यात्री पाए गए, जिनसे रुपये 279155 बतौर जुर्माना या किराया वसूल किया गया। बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा कर रहे एवं स्टेशन पर गंदगी फैलाते हुए 34 यात्री पाए गए, जिनसे रुपये 6900 बतौर जुर्माना या किराया वसूलने के साथ ही यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने एवं गंदगी ना करने की समझाईश दी गई।
इस प्रकार सभी नौ स्टेशनों पर एक साथ चले इस क़िलाबन्दी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट, अनुचित टिकट, बिना बुक कराए समान लेकर यात्रा करते पाए गए यात्रियों के पकड़े गए कुल 1256 मामलों से कुल रुपये 653980 का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।