धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और वाहनों की आवाजाही के बाद राजधानी की हवा की गुणवत्ता चिंता बढ़ा रही है। शनिवार 7 नवंबर की सुबह पांच बजे टीटी नगर मॉनिटरिंग स्टेशन पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 197 दर्ज किया गया। यह मध्यम श्रेणी का ऊपरी स्तर है। यानी हवा की गुणवत्ता सामान्य नहीं है और संवेदनशील लोगों को सांस संबंधी परेशानी हो सकती है। अब रविवार 8 नवंबर को दीपावली पर पटाखे जलने से प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है। मॉनिटरिंग स्टेशन के आंकड़ों में पीएम 2.5 का सब इंडेक्स 197 और पीएम 10 का 160 दर्ज किया गया। इसके अलावा नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का सब इंडेक्स 59, ओजोन का 18, सल्फर डाइऑक्साइड का 23 और कार्बन मोनोऑक्साइड का 70 रहा। पीएम 2.5 का स्तर सबसे ज्यादा होने से हवा में मौजूद बेहद छोटे कण चिंता का कारण बने हुए हैं।
धनतेरस की भीड़ के बाद दिवाली पर बढ़ेगा दबाव
शुक्रवार को धनतेरस के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही। न्यू मार्केट, चौक बाजार, एमपी नगर और पुराने शहर के इलाकों में वाहनों की आवाजाही बढ़ी। वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों की धूल और निर्माण गतिविधियां प्रदूषण बढ़ाने वाले संभावित कारण हैं। अब दीपावली पर पटाखों से निकलने वाला धुआं भी इसमें इजाफा कर सकता है। पटाखे जलने से हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 के अलावा सल्फर और नाइट्रोजन के यौगिक भी बढ़ सकते हैं। पटाखों से निकलने वाले महीन कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचते हैं। यदि रात में हवा की रफ्तार कम रहती है तो प्रदूषण के कण लंबे समय तक वातावरण में बने रह सकते हैं।
कल कितना बढ़ सकता है प्रदूषण?
दीपावली पर एक्यूआई कितने अंक तक पहुंचेगा, इसका सटीक आंकड़ा पहले से बताना संभव नहीं है। यह पटाखों की मात्रा, हवा की रफ्तार, दिशा और वातावरण में प्रदूषक कणों के फैलाव पर निर्भर करेगा। हालांकि पटाखों के व्यापक इस्तेमाल के बाद रात और अगली सुबह प्रदूषण बढ़ने की आशंका रहेगी। सुबह धुंध और हवा की धीमी गति रहने पर लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है।
एक्यूआई के छह स्तर, जानिए किसका कितना असर
0 से 50 : अच्छा - हवा साफ, स्वास्थ्य पर बहुत कम असर।
51 से 100 : संतोषजनक - सामान्य लोगों को विशेष परेशानी नहीं।
101 से 200 : मध्यम - अस्थमा और सांस के मरीजों को परेशानी हो सकती है।
201 से 300 : खराब - लंबे समय तक संपर्क में रहने पर स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
301 से 400 : बहुत खराब - लंबे समय तक संपर्क में रहने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
401 से 500 : गंभीर - स्वस्थ लोगों पर भी असर, पहले से बीमार लोगों के लिए गंभीर स्थिति।
पीएम 2.5 सबसे ज्यादा खतरनाक क्यों?
पीएम 2.5 के कण इतने छोटे होते हैं कि ये सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से फेफड़ों और हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। पीएम 10 के कण नाक, गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं। वहीं कार्बन मोनोऑक्साइड शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने की प्रक्रिया को प्रभावित करती है।
यह भी पढ़ें-भोपाल में धनतेरस पर एक हजार करोड़ की धनवर्षा: सोना-चांदी से कारों तक जमकर खरीदारी, महंगाई नहीं रोक पाई ग्राहक
धइन लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत
बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अस्थमा या हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे लोगों को प्रदूषण बढ़ने पर खुले में ज्यादा देर रहने से बचना चाहिए। पटाखों के धुएं के आसपास खड़े होने से बचें। सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या लगातार खांसी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।