राजधानी हमीदिया अस्पताल में स्वीकृति के बाद भी रोबोटिक सर्जरी शुरू नहीं हो पाई है।रोबोटिक सर्जरी लिए 35 करोड़ रुपए बजट भी मिल चुका है। लेकिन इस यूनिट को अभी तक तैयार नहीं किया जा सका है, जिससे जटिल आपरेशन की सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है। अभी तक यह सुविधा सिर्फ बड़े निजी अस्पतालों में है। हलांकि अस्पताल के जिम्मेदारों का कहना है कि जल्द ही यह सुविधा शुरू कर दी जएगी। इसे लेकर तैयारियां की जा रही है।
प्रदेश के पहले सरकारी अस्पताल में होगी यह सुविधा
रोबोटिक सर्जरी करने वाला हमीदिया मध्य प्रदेश का पहला शासकीय अस्पताल होगा। अभी तक प्रदेश के एक भी सरकारी अस्पताल में यह सुविधा नहीं है। जबकि निजी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी करवाने का खर्च अधिक होता है। इस कारण यहां गरीब और मध्यमवर्गीय लोग सर्जरी नहीं करवा पाते हैं। हमीदिया अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से इस वर्ग को राहत मिलेगी। साथ ही रोबोटिक सर्जरी का लाभ सभी वर्ग के लोगों को मिलने लगेगा।
काफी समय से चल रही है तैयारी
जानकारी के लिए बतादें कि हमीदिया अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी को लेकर करीब एक साल ले ज्यादा समय से तैयारी चल रही है। रोबोटिक सर्जरी के लिए पहले से ही वार्ड तैयार किया जा चुका है। यह आम सर्जरी वार्ड से बड़ा है। इसके लिए डाक्टरों का भी चयन किया जा चुका है, जिन्हें रोबोटिक सर्जरी के लिए प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। यहां यूरोलाजी, हेड एंड नेक कैंसर, गायनिक सर्जरी, जनरल सर्जरी आदि में इससे मरीजों को सुविधा मिलने लगेगी।
यह होती है रोबोटिक सर्जरी
रोबोटिक सर्जरी कंप्यूटराइज्ड डिवाइस से की जाएगी, जो चिकित्सक के सहयोगी के रूप में काम करेगी। इसमें सर्जरी के दौरान चिकित्सक रोबोटिक सेटअप का रिमोट हाथ में पहनते हैं। इसमें लगे कैमरे और सेंसर रोबोट घुटने के सारे मूवमेंट और स्थिति को नोट कर उसकी थ्रीडी इमेज तैयार करते हैं। थ्रीडी इमेज के हिसाब से रोबोट सर्जरी का सटीक प्लान तैयार करता है। वह चिकित्सक को बताता है कि हड्डी कितनी खराब है, कितनी और किस जगह से काटने पर क्या परिणाम आ सकते हैं। आपरेशन एक विशेष कंसोल में बैठा सर्जन आपरेशन का काम संभालता है। सर्जन को आपरेशन करने वाली जगह का एक बड़ा 360 डिग्री दृश्य दिखता है। इसके अलावा साथ खड़ा चिकित्सक इस बात की जानकारी देता है कि उपकरण सही जगह पर जाकर अपना काम कर रहा है।
जल्द शुरू करने का दावा
हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनित टंडन ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी को लेकर तैयारी आखिरी पड़ाव पर है। जल्द ही इसे शुरू करने की तैयारी है। जल्द ही इसकी जानकारी दे दी जाएगी। रोबोटिक सर्जरी को लेकर काम काफी समय से चल रहा है।