राजधानी शनिवार को भगवान श्रीजगन्नाथ की भक्ति में डूब गई। इस्कॉन भोपाल की ओर से निकाली गई भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। भोपाल टॉकीज से शुरू हुई यात्रा हरे कृष्ण महामंत्र, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई प्लेटिनम प्लाजा पहुंची, जहां भव्य आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ इसका समापन हुआ। करीब 27 फीट ऊंचे और 100 किलोग्राम से अधिक फूलों से सजे भव्य रथ पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा विराजमान थे। यात्रा मार्ग में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
विदेशी भक्तों ने बढ़ाई रथयात्रा की भव्यता
रूस और अमेरिका से आए भक्त भी रथयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते हुए भारतीय वैदिक संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। विदेशी श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया।
एक लाख के दिव्य वस्त्रों में सजे भगवान
इस बार भगवान श्रीजगन्नाथ का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक वैष्णव शैली में तैयार लगभग एक लाख रुपये मूल्य के दिव्य वस्त्रों में भगवान का अलौकिक स्वरूप देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। यात्रा के दौरान करीब 500 किलोग्राम खाजा महाप्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। वहीं प्लेटिनम प्लाजा में समापन के बाद हजारों श्रद्धालुओं ने हलवा महाप्रसाद ग्रहण किया।
रथयात्रा के साथ स्वच्छता का संदेश
इस बार रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही। इस्कॉन के सैकड़ों युवा स्वयंसेवकों ने पूरे मार्ग पर "स्वच्छ रथयात्रा-स्वच्छ भोपाल" अभियान चलाया। यात्रा के दौरान मार्ग पर फैले कचरे को तत्काल उठाकर पूरे रास्ते को स्वच्छ रखा गया। श्रद्धालुओं के बीच श्रीमद्भगवद्गीता और अन्य वैदिक ग्रंथों का भी वितरण किया गया।
यह भी पढ़ें-भोपाल में बारिश के लिए अनोखा टोटका: गधों को पहनाई माला, खिलाए गुलाब जामुन, इंद्र देव को मनाने की प्रार्थना
यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
भारत टॉकीज चौराहे पर विधायक आरिफ मसूद ने भगवान जगन्नाथ की आरती कर पुष्पवर्षा से रथयात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं को फल वितरित किए। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।