राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में स्थित हरमन माइनर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन जांच की। पुलिस ने स्कूल की सुरक्षा बढ़ा दी है।
ईमेल के जरिए मिली धमकी
शनिवार सुबह स्कूल के आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ, जो तेलुगु भाषा में लिखा गया था। स्कूल के एक शिक्षक ने पत्र पढ़कर इसकी जानकारी प्रशासन को दी। पत्र में स्कूल की बिल्डिंग को आईईडी ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
छात्र-पालकों में मचा हड़कंप, स्कूल खाली कराया गया
धमकी मिलने के समय स्कूल में कुछ छात्र और उनके अभिभावक पैरेंट-टीचर मीटिंग के लिए मौजूद थे। जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, स्कूल प्रशासन ने तत्काल सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया।
साइबर सेल जांच में जुटी
पिपलानी थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए साइबर सेल को अलर्ट कर दिया गया है। ईमेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है। साथ ही, भोपाल क्राइम ब्रांच और ATS भी अपने स्तर पर जांच कर रही हैं।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
स्कूल परिसर की पूरी जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।