मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पिपलानी पुलिस ने एक बुजर्ग महिला की रिपोर्ट पर उसके ही बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि पिता की मौत के बाद बेटे ने मां के नाम की एफडी और पेंशन खाते से करीब 65 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने यह प्रकरण कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि रंजना भसीन (71) नीरजा नगर फेस-2 पिपलानी में रहती हैं और गृहिणी हैं। उनके पति डॉक्टर बृजमोहन भसीन शासकीय अस्पताल से रिटायर हुए थे। करीब छह साल पहले डॉक्टर भसीन का निधन हो गया था। उनका बेटा अंकित अयोध्या नगर में रहता है और जीएसटी विभाग में नौकरी करता है। फिलहाल वह सीहोर जिले में पदस्थ है।
बता दें कि अंकित पर आरोप है कि उसने मां के नाम की एफडी और पेंशन खाते से रुपये निकाल लिए और पिता के नाम का प्लॉट भी बेच दिया। रंजना ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने कोर्ट में परिवाद लगाया था। कोर्ट ने पिपलानी पुलिस को अंकित के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।