पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए दो महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रानी कमलापति-रीवा वंदे भारत एक्सप्रेस में 7 अगस्त से 24 अक्टूबर 2026 तक 8 की जगह 16 कोच लगाए जाएंगे। वहीं, पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण भागलपुर-अजमेर हमसफर एक्सप्रेस के चार फेरे निरस्त रहेंगे।
वंदे भारत में दोगुनी होगी क्षमता
रेलवे के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस में कोच बढ़ने से यात्रियों के लिए सीट क्षमता 530 से बढ़कर 1128 हो जाएगी। यानी इस अवधि में 598 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध रहेंगी। यह व्यवस्था गाड़ी संख्या 20173 रानी कमलापति-रीवा और 20174 रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस में 7 अगस्त से 24 अक्टूबर तक लागू रहेगी।
यह भी पढ़ें-भोपाल के सरकारी स्कूल की बदहाली: जर्जर कमरों में पढ़ाई, न बिजली न पानी, 70 बच्चों को पढ़ा रही अकेली शिक्षिका
सितंबर और अक्टूबर में हमसफर के चार फेरे रद्द
दानापुर मंडल में तकनीकी कार्य के चलते गाड़ी संख्या 13423 भागलपुर-अजमेर हमसफर एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को भागलपुर से नहीं चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 13424 अजमेर-भागलपुर हमसफर एक्सप्रेस 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को अजमेर से निरस्त रहेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले एनटीईएस ऐप या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन स्थिति, आरक्षण और कोच की जानकारी अवश्य जांच लें।