राजधानी भोपाल के कलियासोत डैम में शुक्रवार को युवती (नवविवाहिता) ने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से पहले उसने फोन पर परिजनों और दोस्तों को घटना की जानकारी दी थी। परिजन उसे समझाने का प्रयास करते रहे और घटना स्थल पर उसके साथ टहल रही दो युवतियों ने रोका भी, लेकिन युवती नहीं मानी और डैम में कूद गई। युवती ने आत्महत्या करने से पहले भाई से फोन पर कहा कि पति और सास बहुत परेशान करते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है।
पुलिस के मुताबिक, नेहा पाटिल (24) मूलत: मुलताई जिला बैतूल की रहने वाली थी। फिलहाल, वह श्रीराम सपना अपार्टमेंट, नेताजी हिल्स कोलार रोड पर रहती थी और एक निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। करीब दो साल पहले उसकी शादी रोहित पाटिल से हुई थी। नेहा भोपाल की एक निजी अस्पताल में कम्प्यूटर ऑपरेटर का कार्य करती थी। रोहित भी प्राइवेट काम करता है। शुक्रवार सुबह नेहा पाटिल काम पर जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह कलियासोत डैम स्थित तेरह शटर के पास पहुंच गई। करीब साढ़े दस बजे नेहा किसी से फोन पर बातचीत कर रही थी। उस वक्त वह काफी गुस्से में थी और डेम की तरफ जाने लगी। इस दौरान वहां मौजूद उसकी दो सहेलियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कूदने के लिए उतावली थी। इस पर दोनों युवतों ने बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा लिया और समझाइश दी। उसके बाद नेहा ने बोला कि वह अब घर लौट जाएगी।
दौड़ती हुई आई और डैम में लगा दी छलांग
नेहा के डैम के पास से कुछ दूर जाने के बाद दोनों युवतियां बैठकर आपस में बातचीत करने लगीं। कुछ देर बाद नेहा दौड़ती हुई आई और उसने डैम में छलांग लगा दी। आसपास मछली पकड़ने वाले मछुआरों ने उसे तुरंत ही बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया और लाश परिजनों को सौंप दी। पुलिस ने बताया कि घटना से पहले नेहा ने परिजनों को खुदकुशी करने की जानकारी दे दी थी, जिसके चलते परिजन दानिश नगर से मौके पर पुलिस से पहले पहुंच चुके हैं। हालांकि, उसके पहले ही वह डैम में कूद चुकी थी। परिजनों ने नेहा के पति पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
दंपती पर चाकू से हमला कर चेन लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार
भोपाल में पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दंपती पर चाकू से जानलेवा हमला करते हुए मां के गले से सोने की चेन लूटने वाले बदमाश को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना दस दिन पहले इटारसी रेलवे स्टेशन से ट्रेन चलने पर हुई थी। आरोपी के कब्चे से चोरी के आठ मोबाइल फोन और एक टेबलेट समेत करीब सवा तीन लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी राकेश कुमार प्रसाद अपने परिवार के साथ बीती 12 नवंबर को पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से एलटीटी की यात्रा कर रहे थे। उनका रिजर्वेशन कोच एस-7 में था। इटारसी स्टेशन से ट्रेन चलने पर एक बदमाश ने बीच वाली सीट पर सो रही राकेश कुमार की पत्नी का पर्स छीनने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाश को दबोच लिया और शर्ट से उसके हाथ बांधकर बिठा लिया। कुछ देर बाद बदमाश ने अपने हाथ खोल लिए और चाकू निकालकर राकेश कुमार पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी ने बीच-बचाव किया तो बदमाश ने उन पर भी हमला किया, जिससे उनके भी हाथ में गंभीर चोट आई। इस दौरान कोच में अफरा-तफरी मच गई। लोग बदमाश को दोबारा दबोत पाते, उसके पहले उसने राकेश कुमार की मां के गले से सोने की चैन खींच ली और चैनपुलिंग कर ट्रेन से उतरकर भाग निकला।
बदमाश की तलाश में लगी चार टीमें
फरियादी ने मामले की रिपोर्ट भुसावल जीआरपी में दर्ज कराई थी, जहां से केस डायरी बुलकर इटारसी जीआरपी ने असल कायमी की। घटना के दौरान यात्रियों ने बदमाश का फोटो और वीडियो बना लिया था, जिसे शेयर किया गया था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की शिनाख्त विकास पटेल पुत्र भाईलाल पटेल (26) निवासी ग्राम मिढोली, थाना मोरवा जिला सिंगरौली बताया गया है। चोरी के मोबाइल और टेबलेट बरामद आरोपी के पास मिले बैग की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के 8 मोबाइल फोन और एक टेबलेट जब्त किया गया है। जब्त हुए सामान की कीमत करीब सवा तीन लाख रुपये बताई गई है।