कार लोन लिए बगैर सेना के एक जवान के खाते से किश्त कटने का अनूठा मामला सामने आया है। भोपाल के कोहेफिजा थाने में इस मामले में फाइनेंस एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। फरियादी ने कार खरीदने के लिए आरोपी एजेंट को दस्तावेज दिए थे, लेकिन भोपाल से स्थानांतरण होने के कारण कार नहीं खरीदी थी।
पुलिस के अनुसार सुनील कुमार सेना में नौकरी करते हैं। करीब दो साल पहले वह होशंगाबाद रोड पर रहते थे। उन्हें कार खरीदने के लिए बैंक लोन की जरूरत थी। इस दौरान उनकी मुलाकात अमर सिंह से हुई। अमर सिंह कोहेफिजा स्थित एक निजी फायनेंस कंपनी में एजेंट का काम करता है। अमर सिंह ने लोन दिलाने का वायदा करते हुए सुनील के सारे जरूरी दस्तावेज ले लिए। कुछ समय बाद कंपनी ने करीब चार लाख रुपये का लोन भी स्वीकृत कर दिया, लेकिन इसी बीच सुनील कुमार की पोस्टिंग अयोध्या में हो गई, जिसके कारण वह कार नहीं खरीद पाए। पिछले दिनों सुनील कुमार के एकाउंट से कार की किश्त के रूप में रुपये कट गए। उन्होंने यह बात अमर सिंह को बताई तो उसने खाते में पैसा नहीं रखने की सलाह दी। ठगी का एहसास होने पर सुनील कुमार ने कोहेफिजा थाने जाकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद एजेंट अमर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी एजेंट की तलाश कर रही है।