राजधानी में डीजे वाहन से बिजली का तार छूने के कारण बड़ा हादसा हो गया। करंट फैलने से डीजे वाहन से जुड़े रोशनी के बल्ब पकड़ कर चल रहे चार किशोर उम्र के बच्चे झुलस गए, इनमें से एक की मौत हो गई। हादसा भोपाल देहात के नजीराबाद में बुधवार रात हुआ। करंट के शिकार हुए बच्चे डीजे के पीछे लाइट पकड़कर चल रहे थे। चार किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए बैरसिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य को गंभीर झुलसी अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक संदीप लोधा पुत्र शिवनारायण (16) ग्राम लोधीपुरा, थाना मलावर, जिला राजगढ़ का रहने वाला था और डीजे वाहन में लाइट पकड़ने का काम करता था। बुधवार की रात वह नजीराबाद थानांतर्गत ग्राम परसोरा में बारात में लाइट पकड़ने के लिए डीजे वाहन के साथ पहुंचा था। उसके साथ गांव का पप्पू लोधा (15), कृष्णपाल लोधा (12) और दीपक लोवंशी (17) भी लाइट पकड़ने पहुंचे थे।
नाच रहे थे बाराती
रात करीब दस बजे डीजे के साथ बारात निकाली जा रही थी। बाराती डीजे के पीछे डांस करते हुए चल रहे थे। इसी बीच डीजे वाहन ऊपर से निकल रहे बिजली के तार से टच हो गया, जिससे वाहन में करंट फैल गया। हादसे में लाइट लेकर चल रहे चारों बच्चों को करंट का जोरदार झटका लगा, जिससे वे बुरी तरह से झुलस गए। मौके पर बच्चों के कोई नाते-रिश्तेदार मौके पर नहीं थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए बैरसिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से झुलसे संदीप लोधा को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों बच्चों को इलाज के लिए भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस जानकारी देने से कतराती रही
डीजे वाहन में करंट हाईटेंशन अथवा सर्विस लाइन से फैला था, इसकी जानकारी नजीराबाद पुलिस को नहीं थी। यहां तक कि घायल बच्चों के बारे में भी जानकारी देने से पुलिस कतराती रही।