पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर 2 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना होगा। उन्होंने अपने घर के बाहर चंदा चोरों का प्रवेश वर्जित बोर्ड भी लगाया।राम मंदिर चंदा विवाद पर दिग्विजय का बड़ा ऐलान, 2 अक्टूबर से उज्जैन-अयोध्या पदयात्रा करेंगे।
राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने 2 अक्टूबर से बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से रामनगरी अयोध्या तक करीब 1000 किलोमीटर पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। उनका कहना है कि यात्रा का उद्देश्य राम मंदिर चंदे और धार्मिक संस्थानों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना है।
विज्ञापन
घर के बाहर लगाया चंदा चोरों का प्रवेश वर्जित बोर्ड
शुक्रवार को भोपाल स्थित अपने आवास के बाहर दिग्विजय सिंह ने चंदा चोरों का प्रवेश वर्जित लिखे पोस्टर लगवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे में कथित गड़बड़ी कर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है।
चंदा वापस लेकर दूसरे ट्रस्ट को दूंगा
दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए दो बार चंदा दिया था। अब वह अदालत में याचिका दायर कर अपना चंदा वापस मांगेंगे। उनका कहना है कि यदि राशि वापस मिलती है तो उसे किसी अन्य धार्मिक ट्रस्ट को दान करेंगे।
विज्ञापन
महाकाल मंदिर क्षेत्र का भी किया जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री ने उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में जमीन और वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर के आसपास की जमीन का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है और वीआईपी दर्शन के नाम पर पैसे वसूले जा रहे हैं।
2 अक्टूबर से शुरू होगी पदयात्रा
दिग्विजय सिंह ने बताया कि पदयात्रा 2 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगी। इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं रहेगा। यात्रा में वे सभी लोग शामिल हो सकेंगे, जो भगवान श्रीराम में आस्था रखते हैं और मंदिर निर्माण के लिए चंदा दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान वह सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करेंगे और पूरे अभियान को जनसंपर्क के माध्यम से आगे बढ़ाएंगे।