मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधान सभा में उठे सवालों पर कर्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्हो ने कहा है कि विधानसभा एक ऐसा मंच है, जहां से आम जनता की आवाज सरकार तक पहुंचती है लेकिन अक्सर देखा जाता है कि विधानसभा में सरकार मुद्दों को सुनती तो है, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं करती। उन्होंने स्कूली छात्रों को मिलने वाले स्कूटी और लैपटॉप पर भी सवाल खडे किए हैं।
कांग्रेस विधायक देंगे छात्राओं को स्कूटी
उमंग सिंघार ने कहा कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए सरकार को तत्काल इनका वितरण कराना चाहिए। नेता प्रतिपक्षने कहा की सरकार को जगाने के लिए मैंने 2 स्कूटी दी हैं, बाकी विधायक भी सांकेतिक तौर पर ऐसा करेंगे। सिंघार ने कहा कि लैपटॉप स्कूटी योजना पहले से चल रही थी। इन्होंने चुनाव में भी वादा किया था। फिर सरकार स्कूटी लैपटॉप मेधावी छात्रों को क्यों नहीं देना चाह रही। उन्होंने कहा कि बच्चों का सत्र भी अब खत्म होने को आया है, अगर सरकार के पास पैसा है तो क्यों नहीं देना चाहती ? सरकार कुम्भकर्ण की तरह सोती है, विपक्ष जब जगाता है, तब ही जागती है।
लोग पानी के लिए तरसेंगे
उन्होंने कहा कि हमने पिछले सत्र में जल जीवन मिशन को उठाया क्या सरकार को नहीं पता कि गर्मी आने वाली है और लोग पानी के लिए तरसेंगे। कई गांवों में योजनाएं बंद पड़ी हैं, ठेकेदार भाग गए हैं, लेकिन सरकार आम जनता की कहाँ सुनना चाहती है। सरकार लोगों के पास जाने का सिर्फ दिखावा करती है। उन्होंने कहा कि हमने खाद और किसानों के मुद्दों को उठाया लेकिन सरकार सिर्फ आंकड़े गिना देती है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जनता के पास जाएंगे तो उन्हें असली समस्या पता चलेगी।