पीसीसी में कांग्रेस प्रवक्ताओं की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी जहां संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं वहीं टीवी चैनलों अपना पक्ष रखने वाले प्रदेश प्रवक्ताओं को भी तैयार करने में जुट गए हैं। मंगलवार को पीसीसी में प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्तागणों की बैठक आहूत की गई। बैठक में विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सकारात्मकता के साथ जनहित के मुद्दों को पूरी सूझबूझ और ताकत के साथ उठाने के लिए निर्देशित किया गया।
जबावदेही के साथ रखें अपनी बात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि राजनीतिक परिवेश के बीच टीवी चैंनलों और मीडिया में अपनी बात को पूरी जबावदेही के साथ रखे, भाजपा द्वारा देश में जो नफरत फैलाने का काम किया जा रहा है, उससे देश अराजकता की ओर बढ़ रहा है। पार्टी नेतृत्व के दिशा निर्देश अनुसार जनहित के मुद्दों पर हमें अपनी बात रखना है। पूरे तर्क के साथ भाजपा की गलत नीतियों को जनता के बीच उजागर करें और कांग्रेस पार्टी का पक्ष, रीति-नीति और विचारों को जनता के बीच पहुंचाने का काम करें। यूट्यूब, वाट्सएप एवं अन्य माध्यमों से अपनी बातों को ज्यादा से ज्यादा ग्रुप में भेजें, ताकि जनता को समझाया जा सके कि भाजपा केवल बांटने की राजनीति करती है, उसे जनहित के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।
मुंह तोड़ जवाब देना है
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी जी के प्रति नफरत की जो भावना भाजपा में व्याप्त है, उसका हमें मुुंहतोड़ जबाव देना है। अंबेडकर जी जिन्होंने देश में आजादी के बाद हर वर्ग को स्वतंत्रता से जीने का अधिकार दिया, भाजपा अंबेडकर जी के संविधान पर प्रहार कर रही है, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और पिछड़ों के साथ अन्याय और अत्याचार कर रही हैं भाजपा। उन्होंने कहा कि हमारी मीडिया टीम पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है, हमारे सामने बहुत चुनौतियां हैं लेकिन हमें डरकर नहीं डटकर उनका मुकाबला करना है। मीडिया और सोशल मीडिया दोंनो एक दूसरे के समकक्ष हैं, इसलिए सोशल मीडिया में ही हमसभी को ज्यादा सहभागी बनकर अपने कमेन्ट को सकारात्मकता के साथ ज्यादा से ज्यादा शेयर कर जनता के बीच पहुंचने का काम हम सभी हो करना है।