मंत्री विश्वास सारंग स्वच्छता अभियान के दौरान
- फोटो : अमर उजाला
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग रविवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत नवीन नगर ऐशबाग स्थित भोपाल रियासत के प्रधानमंत्री रहे राजा खुशवक्तराय सक्सेना के समाधि स्थल व ऐतिहासिक बावड़ी के स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने बावड़ी के आसपास स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान किया साथ ही स्मारक का अवलोकन भी किया। मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा अंतर्गत ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण व जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। वहीं अब इसे और वृहद रूप दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि नरेला क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक स्मारकों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु विस्तृत प्लान तैयार किया जाएगा।
सारंग की पहल पर हुआ था जीर्णोद्धार का कार्य
मंत्री सारंग की पहल पर नवीन नगर स्थित समाधि स्थल और बावड़ी के जीर्णोद्धार का काम नगर निगम एवं पुरात्तव विभाग द्वारा शुरू किया गया था। यहां पहले वृक्षारोपण का कार्य किया और फिर पुरातत्व विभाग की टीम के साथ संरक्षण की पहल की। वहीं अब इस स्मारक को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिये प्लान तैयार किया जायेगा।
राजा खुशवक्त राय सक्सेना का समाधी स्थल हिंदू स्मारक के रूप में दर्ज
राजा खुशवक्त राय सक्सेना करीब 200 साल पूर्व भोपाल रियासत के प्रधानमंत्री थे। उन्होंने करीब 57 साल तक इस पद पर कार्य संभाला। भोपाल रियासत में ऐतिहासिक इमारतें ताजमहल और मोती मस्जिद का निर्माण भी उन्हीं के कार्यकाल में शुरू हुआ था। उल्लेखनीय है कि नवीन नगर में उनका समाधि स्थल और उसके सामने स्थित बावड़ी भोपाल गजट में एकमात्र हिंदू स्मारक के रूप में दर्ज हैं।