राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को हुए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआईएस) के पहले शहर को करोड़ों रुपए खर्च कर सजाया गया था, ताकि विश्व भर से आ रहे उद्योगपति मेहमानों के सामने शहर की अच्छी छवि जाए। लेकिन जीआईएस समाप्त होते ही भोपाल के कुछ असामाजिक तत्व इस सुंदरता को बिगड़ने में जुट गए। कई जगह लगे बल्ब लाइटें और अन्य सामग्री चोरी होने लगीं है। साथ ही दीवारों पर बनी कलाकृतियों पर लोग गुटखा खाकर थूक रहे हैं। हालांकि नगर निगम ने इन्हें बचाने के लिए टीम बनाई है इसके बाद भी चोरियां नहीं रुक रहीं है। अब भोपाल नगर निगम ऐसे शरारती तत्वों पर निगरानी के लिए मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। जानकारी के अनुसार जल्द ही कई जगह कैमरे लगाए जाएंगे।
कलाकृतियां हो रहीं खराब
जीआईएस के दौरान भोपाल के सौंदर्यीकरण अभियान की सबसे उल्लेखनीय विशेषताओं में से एक बोट क्लब, जेल रोड, वीआईपी रोड, लिंक रोड और श्यामला हिल्स जैसे प्रमुख स्थानों पर लगभग 5,000 सजावटी भित्तिचित्रों की स्थापना थी। हालांकि, ये कलाकृतियां अब खराब हो रही हैं, क्योंकि लोग उन पर पान और तंबाकू थूक रहे हैं, जिससे बदसूरत दाग पड़ रहे हैं, खासकर जेल रोड और वीआईपी रोड पर। भोपाल की दीवारों को खराब करने के अलावा, शहर की सजावटी लाइटिंग भी इसका खामियाजा भुगत रही है। बोट क्लब के पास स्थित मुख्यमंत्री आवास की बाउंड्री वॉल के पास लाइटिंग डिस्प्ले से एलईडी बल्ब गायब हो गए हैं।
बीएमसी अधिकारियों ने रंगे हाथ पकड़ा
कमला पार्क में सौंदर्यीकरण के लिए लगाई गई जाली को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मोहम्मद अख्तर नाम के एक व्यक्ति को बीएमसी अधिकारियों ने रंगे हाथ पकड़ा। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता उदित गर्ग और आरके त्रिवेदी ने मोहम्मद अख्तर को जाली तोड़ते हुए देखा। अधिकारियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। तलैया थाने में मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया और अधिकारी अब उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई कर रहे हैं।
गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं
भोपाल की महापौर मालती राय ने कहा है कि हम सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाकर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं और थूकने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने शहर भर में मुख्य स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही है। उन्होने कहा है कि इसके अलावा, बीएमसी एक विशेष टीम का गठन कर रही है जो प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी करेगी, यह सुनिश्चित करेगी कि शहर की सुंदरता बनी रहे।