भोपाल के गुनगा थाना क्षत्र में एक दिव्यांग किसान की भाई और भतीजों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। किसान दिव्यांग होने के कारण भाग भी नहीं पाया। हत्याकांड को जमीन विवाद में अंजाम दिया गया है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश के 15 जिलों में आज हैवी रेन का अलर्ट, भोपाल, इंदौर-जबलपुर में भी होगी बारिश
गुनगा थाना पुलिस के अनुसार 47 वर्षीय बनवारीलाल ठाकुर पुत्र चैन सिंह काछी बरखेड़ा के रहने वाले थे। बनवारीलाल का एक बेटा है, जो नानी के घर रहता है। उनका पड़ोस में रहने वाले भूजमल सिंह से तीन एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी का आरोप है कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात वह खाना खाकर सोने जा रहे थे। तभी भतीजा बंटी घर आया और कहा कि आपको मेरे पापा यानी भूजमल बुला रहे हैं। खेती करनी है, जमीन का विवाद सुलझाने के लिए बुला रहे हैं। इसके बाद बनवारीलाल भाई भूजमल के घर पहुंचे। जमीन को लेकर बातचीत के दौरान दोनों भाइयों में विवाद हो गया। इसके बाद भूजमल ने अपने बेटे बंटी सिंह, मनीष और दूसरे भाई बैशराम और उनका बेटा रजत और संदीप ने मिलकर बनवारीलाल पर लाठी, डंडे और फरसे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को देर रात गांव वालों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल रेलवे स्टेशन में CM ने किया VIP लाउंज का शुभारंभ, 50 रुपए में मिलेगी चाय-कॉफी के साथ कई सुविधाएं
युवक की हत्या करने वाले नाबालिग समेत चार गिरफ्तार
हनुमानगंज इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या करने वाले नाबालिग समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में शामिल दो युवक सगे भाई बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार गरीब नगर चांदबाड़ी में रहने वाला रोहित सेन बीती 22 जून की रात करीब आठ बजे अपने दोस्त संजू वंशकार और उसकी मौसी के लड़के युवराज वंशकार के साथ नादरा बस स्टैंड से भोपाल टाकीज की तरफ जा रहा था। हमीदिया रोड स्थित प्राईम होटल के पास पहुंचने पर पीयूष सोनी और उसके साथियों ने घेर लिया और पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट करने लगे। दोस्त संजू और उसके मौसरे भाई युवराज ने जब बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी चाकू-छुरी से मारपीट की गई। युवराज के पेट में चाकू का गहरा घाव लगा था, जिससे वह वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी। हमले में रोहित और संजू को गंभीर चोट आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। तीन दिनों की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी पीयूष सोनी और उसके भाई आयुष सोनी निवासी चंदन कुटी इब्राहिमगंज, करण जैन निवासी राजदेव कालोनी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।