रविवार को राजधानी भोपाल स्तिथ होटल अशोका में मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा बुलाई गई विधायक दल की बैठक में भाजपा सरकार की नाकामी और वादाखिलाफी को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आगामी बजट सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों और उनपर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधायकों का मार्गदर्शन किया और मजबूती से जनता की आवाज सदन में उठाने को लेकर विधायकों से चर्चा की। बैठक में प्रमुख रूप से परिवहन घोटाला, नर्सिंग घोटाला, जल संवर्धन मिशन के अधूरे कार्य, धान खरीदी घोटाला सहित प्रदेश में बढ़ रहे भ्रष्टाचार जैसे प्रमुख मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने पर चर्चा की गई।
कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दे सदन में उठाती रहेगी
बैठक में हरीश चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं पर सरकार कितने भी फर्जी केस दायर करवा दे लेकिन कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दे सदन में उठाती रहेगी। उन्होंने विधायकों से कहा कि मध्यप्रदेश की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो गयी है। जनता के मुद्दों को सदन में जोरशोर से लेकर जाएं।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, घोटालों की फेहरिस्त बढ़ती जा रही है लेकिन भाजपा सरकार इन पर कार्यवाही करने की बजाय विपक्ष की आवाज दबाने और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश में लगी है। उन्होंने कहा कि सत्र की अवधि लगातार कम होती जा रही है। सरकार जनता के मुद्दे और उनकी समस्याओं से भाग रही है। नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी का हर एक विधायक पूरी निडरता और मजबूती के साथ जनता की आवाज सदन में उठाता रहेगा।
जनप्रतिनिधियों पर व्यक्तिगत हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा अपने पाप छुपाने के लिए कांग्रेस के चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर व्यक्तिगत हमला कर जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को भाजपा की सरकार बढ़ावा दे रही है, इसके खिलाफ भी पार्टी मजबूती से खड़ी रहेगी। बैठक में विशेष रूप से हरीश चौधरी जी, प्रभारी मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी जी, मध्यप्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त जी, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे जी सहित कांग्रेस के विधायक रहे मौजूद रहे।