आदिवासी लीडरशिप डेपलवमेंट प्रशिक्षण शिविर
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस ने धार जिले के मोहनखेड़ा में सात दिवसीय आदिवासी लीडरशिप डेवलपमेंट प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। इसका समापन मंगलवार को किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया और आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, सह प्रभारी संजय दत्त समेत कई नेता पहुंचे। इस दौरान पटवारी ने कहा कि नफरत फैलाकर बांटने की राजनीति करने वाली भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ सोच-समझ कर, पूरी रणनीति बनाकर बार-बार माहौल बनाती है। इस षड्यंत्र से, मिलकर लड़ना होगा! राहुल गांधी संविधान बचाने के लिए लगातार लड़ाई लड़ रहे हैं।
आदिवासी हकों की लड़ाई को नई ऊर्जा मिली : सिंघार
मोहनखेड़ा में आयोजित मप्र आदिवासी कांग्रेस द्वारा कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में आदिवासी समाज की जबरदस्त भागीदारी देखने को मिली। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह सिर्फ एक शिविर नहीं, बल्कि आदिवासी हकों की लड़ाई को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक क्षण है। इस शिविर में जल, जंगल, जमीन के अधिकार की रक्षा और आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य हमेशा से आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए संघर्ष करना रहा है।
आदिवासी समाज के साथ हो रहा अन्याय बर्दाश्त नहीं
उमंग सिंघार ने कार्यकर्ताओं कहा कि पहले युद्ध में लड़ने के लिए आदिवासियों को आगे किया जाता था, लेकिन आज के समय में उन्हें पीछे धकेल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ हो रहा यह अन्याय अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस का उद्देश्य आदिवासी समाज को उनके अधिकार और सम्मान दिलाना है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजनीति का अर्थ पद और सत्ता नहीं, बल्कि समाज सेवा होती है। उन्होंने कहा कि मेरी विचारधारा है कि सिर्फ चुनाव के समय राजनीति होनी चाहिए बाकी 5 साल समाजसेवा। उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य हमेशा समाज सुधार, विकास और आदिवासी समाज के अधिकारों की आवाज उठाना रहा है।
चुनावी रणनीति के हिसाब से तैयार होंगे युवा
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस पहली बार आदिवासी युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए आवासीय ट्रेनिंग कैंप लगाया गया। धार जिले के मोहनखेड़ा में 19 फरवरी से 25 फरवरी तक यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जानकारी के अनुसार आदिवासी वर्ग के युवाओं को पार्टी से जोड़ने और चुनावी रणनीति के हिसाब से तैयार करने के लिए कांग्रेस आदिवासी लीडरशिप डेवलपमेंट कर रही है।
जातिगत जनगणना से हर वर्ग को मिलेगा लाभ
पटवारी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जातिगत जनगणना के पक्ष में है, क्योंकि जातिगत जनगणना से हर वर्ग के मध्यम और गरीबों को उसका लाभ मिलेगा। आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक समानता का अवसर मिलेगा। आदिवासियों का और कांग्रेस का और संविधान का प्रकृति का आपस में गहरा रिश्ता है जो हमें जल-जंगल से ही मिला है। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण जीवन के लिए हवा और जल है उससे ही हर व्यक्ति को जीवन जीने के लिए आक्सीजन और ऊर्जा मिलती है।