उत्तर भारत के पहाड़ों में लगातार बर्फबारी से मध्य प्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ गई है। मध्य प्रदेश के ज्यादातर शहरों का तापमान 12 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है, वहीं सात शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। बैतूल के एक शॉपिंग कांप्लेक्स में रात में सो रहे युवक की मौत की घटना सामने आई है। वायरल वीडियो से अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत ठंड की वजह से हुई है। शॉपिंग कांप्लेक्स में लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो में युवा ठंड से ठिठुरता हुआ दिख रहा है। कभी उठता है कभी लेट जाता है। कुछ देर बाद प्लास्टिक ओढ़ कर सो जाता है। इसके बाद फिर नहीं उठाता है।
दिन और रात के तापमान गिरावट
प्रदेश के शहरों में दिन और रात के तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश के अधिकतर शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। 7 से अधिक शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे तक पहुंच गया है। पचमढ़ी का तापमान 5.6 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि बीते दो दिनों से पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान स्थिर है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही प्रदेश के न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा प्रदेश का मौसम
राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं जबलपुर का तापमान 9 डिग्री, मलाजखंड का 9 डिग्री, पचमढ़ी का 5.6 डिग्री, राजगढ़ का 9.2 डिग्री, मंडला का 7 डिग्री, नौगांव का 10 डिग्री और उमरिया का 8.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इधर बुंदेलखंड के क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ी है।सागर, दमोह, टीकमगढ़ और खजुराहो समेत अन्य इलाकों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सागर का तापमान बीती रात 3.3 डिग्री लुढ़क कर 10.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी प्रकार दमोह के न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री, खजुराहो में 2 और टीकमगढ़ में 0.2 डिग्री सेल्सियस तक अंतर आया है।
दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रह सकता है। उत्तर भारत के पहाड़ों बर्फबारी हो रही है वहां से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में सिहरन बरकरार है। इसी क्रम में बुधवार को मैदानी क्षेत्र में सबसे कम 7 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
29 से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि 'वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में एक अवदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली को गहरे अवदाब के क्षेत्र में बदलने के आसार हैं। साथ ही 29 नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत के आसपास सक्रिय होने की संभावना है। उसके प्रभाव से एक बार फिर उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है। जिससे मध्यप्रदेश के न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।