मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जीतू पटवारी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजनीतिक मामलों की समिति, प्रदेश कार्यकारिणी, स्थायी आमंत्रित एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठकें पीसीसी में गुरुवार को हुई। इन बैठकों में प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता नदारत रहे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कमलनाथ अरुण यादव अजय सिंह कमलेश्वर पटेल समेत कई बड़े नेता बैठक में नहीं पहुंचे। वहीं बैठक के बीच में ही कुछ कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर के नेताओं को कार्यकारिणी में जगह देने की मांग को लेकर कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। इस बैठक में शामिल होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में जिला, ब्लॉक, मंडल सेक्टर में कैसे काम करेंगे, इस पर चर्चा होगी। इस बैठक में बहुत से राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा होगी। किस तरह से सरकार काम कर रही है, जनता परेशान है, लॉ एंड आर्डर को लेकर स्थिति खराब है,इसके अलावा भी कई मुद्दे हैं।
प्रदेश प्रभारी ने बड़े नेताओं के नहीं पहुंचने पर दी सफाई
बैठक में कई बड़े नेतओं के नहीं पहुंचे पर सफाई देते हुए प्रदेश प्रभारी जीतेन्द्र भंवर सिंह ने कहा कि इस बैठक में शामिल होने के लिए कई नेता शादी ब्याह के चलते नहीं आ पा रहे हैं। इन सभी को वीडियो कांफ्रेंसिंग या वर्चुअल जुड़ने के लिए कहा गया है।बैठक शुरू होने के पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में शामिल सभी नेताओं का बुके देकर स्वागत किया। इस बैठक में शामिल होने के लिए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह नहीं पहुंचे।
पूर्व मंत्री बोलीं- अब आंसू छलकाने से कुछ नहीं होने वाला
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की पहली कार्य समित की बैठक में पूर्व कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीनाक्षी नटराजन, अजय सिंह, गोविंद सिंह, अरुण यादव की दूरी से जीतू पटवारी का दर्द झलक पड़ा और वे भावुक हो गए। पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को सलाह देते हुए कहा कि मायूस और आंसू छलकाने से कुछ नहीं होने वाला है। अब कांग्रेस की सरकार कैसे आए इस पर विचार करना होगा। बैटक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि बैठक में जीतू पटवारी भावुक हुए थे। ये आर्टिफिशियल आंसू नहीं थे। कठिन समय मे जीतू पटवारी अध्यक्ष बने है, मीटिंग में सबसे मदद मांगी है। हम सब एकजुट है, पार्टी में कोई दो फाड़ नहीं है।
नगरीय निकाय क्षेत्रों में वार्ड कांग्रेस कमेटी का होगा गठन
बैठकों में बूथ, मण्डल, सेक्टर, ब्लाक से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए चर्चा कर गहन मंथन हुआ। बैठक में प्रदेश के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में वार्ड कांग्रेस कमेटी का गठन किए जाने, वार्ड कांग्रेस कमेटी के गठन के बाद मोहल्ला कांग्रेस कमेटी, जिसमें प्रत्येक बूथ में 30 से 40 घरों को शामिल किए जाने पर चर्चा हुई, जिसमें मोहल्ला कांग्रेस कमेटी के सदस्य बूथ कमेटी के सदस्य होंगे। वहीं प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी का गठन किए जाने पर चर्चा के साथ ग्राम पंचायत के सदस्य थी बूथ कमेटी के सदस्य होंगे।
2025 में होगा प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों का अधिवेशन
बैठक में ब्लाक कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के कार्यकाल की अविध तथा पीसीसी एवं एआईसीसी डेलीगेट्स के रिक्त स्थानों की पूर्ति पर चर्चा हुई। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि प्रदेश कांगेस प्रतिनिधियों का अधिवेशन माह 20 फरवरी से 20 मार्च 2025 के मध्य किये जाने पर चर्चा। वहीं कांग्रेस के पदाधिकारियों का अलग-अलग स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ उनके दायित्वों का निर्धारण एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई।