राजधानी भोपाल में पार्षद का टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेसी हफीज खान ने गुरुवार को मुंडन करा लिया और अपने बाल विरोध जताने वरिष्ठ नेताओं को भेज दिए ।
शहर के वार्ड 78 से हफीज खान पार्षद प्रत्याशी का टिकट मांग रहे थे, लेकिन टिकट मोहम्म्द रियाज को दे दिया गया। हफीज खान ने टिकट देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक् और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह समेत अन्य नेताओं से टिकट देने की मांग की थी। वह लंबे समय से अपने वार्ड में सक्रिय है। हफीज ने कहा कि पिछली बार रियाज कांग्रेस प्रत्याशी के सामने निर्दलीय चुनाव में खड़े हो गए थे, जिससे कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद पार्टी ने रियाज को टिकट दे दिया।
हफीज ने कहा कि मैं लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। वार्ड में चुनाव की तैयारी कर रहा था। अब पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो दुख हो रहा है। अब अपने लोगों को क्या जवाब दूंगा। हफीज ने निर्दलीय नामांकन भी भरा था, जिसे वापस ले लिया।
वहीं, दूसरी तरफ महापौर विभा पटेल को भी टिकट को लेकर प्रचार के दौरान विरोध का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड-60 में पटेल को वाल्मिकी समाज के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।