भोपाल में लगातार बढ़ रही अवैध रूप से चल रहीं क्लीनिकों पर भोपाल सीएमएचओ की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को भोपाल के एक यूनानी डॉक्टर द्वारा संचालित अवैध क्लीनिक को सीएमचओ की टीम ने बंद करवाया है। इस दौरान कई क्लीनिक संचाल टीम के पहुंचने के पहले ही क्लीनिक बंद कर भाग गए।
लाइसेंस नहीं पाए जाने पर कार्रवाई
टीम ने जिले में विभिन्न क्लीनिकों के लाइसेंस की जांच की इस दौरान सुंदर नगर, अशोका गार्डन में संचालित लाइफ केयर क्लीनिक में सीएमएचओ कार्यालय द्वारा जारी लाइसेंस नहीं पाए जाने पर इसे बंद करवाया गया है। संचालक के पास बायोमेडिकल वेस्ट एवं पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं था। यह क्लीनिक डॉ. युसूफ खान द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो कि यूनानी चिकित्सा पद्धति के चिकित्सक हैं। इसी क्षेत्र में संचालित लाइफ लाइन क्लीनिक में भी निरीक्षण दल जांच के लिए पहुंचा, हालांकि ये क्लीनिक बंद मिला।
यह भी पढ़ें-भोपाल में ईद-उल-अजहा पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की, मुल्क और फिलिस्तीन के लिए की दुआ
सीएमएचओ की टीम इन बिंदुओं पर कर रही जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिले में अलग अलग स्थानों पर चिकित्सा व्यवसाय कर रहे व्यक्तियों की डिग्री, चिकित्सा पद्धति, काउंसिल का पंजीयन, स्थापना अधिनियम, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम, गुमास्ता लाइसेंस की जांच की जा रही है। निरंतर चल रहे कार्रवाई के कारण कई संचालकों ने अपने क्लीनिकों को बंद रखे हैं। इन क्लीनिकों पर विभाग की टीम नजर रख रही है। स्थानीय पुलिस, नगर निगम एवं प्रशासन का सहयोग भी लिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश के 20 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 9 जून से ग्वालियर-चंबल में लू चलने की संभावना
बगैर अनुमति के चल रहीं क्लीनिक्स पर हो रही कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि बिना सक्षम अनुमति चिकित्सा व्यवसाय के व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरीक्षण की कार्यवाही निरंतर जारी है। कार्यालय द्वारा जारी लाइसेंस को स्वास्थ्य केंद्रों में प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित किया जाना आवश्यक किया गया है।