सार
भोपाल के गुप्ता कॉलोनी में टीबी की गंभीर बीमारी से पीड़ित 45 वर्षीय राजेश ठाकुर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, बीमारी के कारण वह काम नहीं कर पा रहे थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
भोपाल के गुप्ता कॉलोनी में लंबे समय से बीमारी से पीड़ित 45 वर्षीय व्यक्ति ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजेश ठाकुर के रूप में हुई है, जो आनंद नगर स्थित गुप्ता कॉलोनी में रहते थे। राजेश जयपुर में ड्राइवरी का काम करते थे। हालांकि टीबी की गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के कारण वह फिलहाल कोई काम नहीं कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात राजेश ने परिवार के साथ बैठकर खाना खाया था और इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए।
बीमारी से तंग आकर उठाया कदम
गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे परिजन जब कमरे में पहुंचे, तो राजेश फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पिपलानी थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल भेजा।
कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मौके की छानबीन के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने आशंका जताई कि राजेश टीबी की बीमारी से बहुत परेशान थे और काम न कर पाने के कारण तनाव में चल रहे थे। इसी से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। पिपलानी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आत्महत्या की असली वजह का पता लगाया जाएगा।