मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जहां पचमढ़ी प्रदेश में सबसे ठंडा माना जा रहा है, यहां का न्यूनतम तापमान 5.6 तक दर्ज किया गया है। वहीं मंडला भी पचमढ़ी की तरह ठंडा होता जा रहा है, यहां का न्यूनतम तापमान 7.6 दर्ज किया गया है। जबकि राजधानी भोपाल में लगातार तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि 29 नवंबर के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। राजधानी में मामूली बदलाव के साथ दिन और रात का पारा थमा रहा।
29 नवंबर तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से 29 नवंबर तक फिलहाल मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसके बाद नया पश्चिमी विक्षोभ 29 नवंबर को आएगा। इससे हवाएं बदलेंगी और सर्दी में फिर से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। अभी बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बना हुआ है, जो डिप्रेशन में बदलेगा। आगे बढ़कर यह डीप डिप्रेशन में भी बदल जाएगा, लेकिन इसका प्रदेश में कोई विशेष असर नहीं होगा। मामूली रूप से तापमान में बढ़त हो सकती है। ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। अभी तापमान में आधा से एक डिग्री के बदलाव के साथ सर्दी का असर ऐसा ही रहेगा।
दिन के तापमान में आई गिरावट
प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, पचमढ़ी, नर्मदापुरम, ग्वालियर, गुना, सतना, जबलपुर दिन में भी ठंड का असर दिखा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 23.4 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में तापमान 24.2 डिग्री रहा। भोपाल-इंदौर में 27.5 डिग्री, ग्वालियर में 28.4 डिग्री, उज्जैन में 28.8 डिग्री और जबलपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रात में पचमढ़ी में पारा सबसे कम 5.6 डिग्री, मंडला में 7.6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, भोपाल, जबलपुर, मंडला, उमरिया, नौगांव और राजगढ़ में पारा 10 डिग्री के नीचे रहा था।