गर्दन में 25 साल से लगातार बढ़ रही गांठ इतनी विशाल हो गई कि महिला को सोते समय सांस लेने में परेशानी होने लगी। सामान्य थायरॉयड की तुलना में असाधारण रूप से बढ़ चुकी इस ग्रंथि को निकालना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती था। एम्स भोपाल के डॉक्टरों ने करीब 2.96 किलो वजन की पूरी थायरॉयड ग्रंथि निकालकर इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफल बना दिया। संस्थान के अनुसार, मध्य भारत में थायरॉयड ग्रंथि निकालने का यह अब तक का सबसे बड़ा मामला है। 45 वर्षीय महिला पिछले करीब 25 वर्षों से थायरॉयड में गांठ की समस्या से जूझ रही थी। समय के साथ इसका आकार लगातार बढ़ता गया और स्थिति ऐसी हो गई कि सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। खासतौर पर सोते समय सांस लेने में दिक्कत होने के बाद महिला ने एम्स भोपाल के ईएनटी एवं हेड एंड नेक सर्जरी विभाग में उपचार कराया। जांच के बाद डॉक्टरों ने पूरी थायरॉयड ग्रंथि निकालने का निर्णय लिया।
आसपास की नसों और ग्रंथियों को सुरक्षित रखना थी सबसे बड़ी चुनौती
डॉक्टरों के मुताबिक, इतने बड़े आकार के गोइटर का ऑपरेशन सामान्य सर्जरी से कहीं ज्यादा जटिल होता है। लंबे समय तक बढ़ती रही ग्रंथि गर्दन की सामान्य संरचना को बदल देती है। इससे आसपास की महत्वपूर्ण नसों और अंगों पर दबाव पड़ सकता है। सर्जरी के दौरान आवाज को नियंत्रित करने वाली रिकरेंट लैरिंजियल नर्व और शरीर में कैल्शियम का संतुलन बनाए रखने वाली पैराथायरॉयड ग्रंथियों को सुरक्षित रखना सबसे अहम था। एम्स की टीम ने टोटल थायरॉयडेक्टॉमी सर्जरी के जरिए 2.96 किलो की पूरी ग्रंथि निकाल दी। पूरी प्रक्रिया के दौरान कोई जटिलता सामने नहीं आई। ऑपरेशन के बाद महिला की आवाज सामान्य रही और कैल्शियम की कमी भी नहीं हुई। उसे कैल्शियम सप्लीमेंट देने की जरूरत तक नहीं पड़ी।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा
सर्जरी का नेतृत्व प्रो. डॉ. विकास गुप्ता ने किया। टीम में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गणकल्याण बेहरा, डॉ. शिवम, डॉ. देबरूप और डॉ. आयुष शामिल रहे। वहीं, इतने बड़े ऑपरेशन में एनेस्थीसिया देना भी चुनौतीपूर्ण था। इस जिम्मेदारी को डॉ. हरीश कुमार, डॉ. ज़ैनब अहमद और डॉ. शिखा जैन की टीम ने संभाला। डॉ. विकास गुप्ता ने सफलता का श्रेय ईएनटी विभाग के फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और एनेस्थीसिया टीम के सामूहिक प्रयासों को दिया।
यह भी पढ़ें-
एनएलआईयू की रिसर्च: कठोर कानून के बाद भी क्यों नहीं थम रहे दुष्कर्म?,एमपी के जेलों में बंद दोषियों ने खोले राज
आयुष्मान योजना से हुआ इलाज
महिला की जांच और ऑपरेशन से पहले की पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत की गई। सफल ऑपरेशन के बाद उसकी हालत संतोषजनक रही। पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब थायरॉयड हार्मोन की कमी पूरी करने के लिए उसे थायरोक्सिन दवा दी जा रही है। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेंद्र कोतवाल ने ईएनटी वार्ड पहुंचकर महिला से मुलाकात की और डॉक्टरों की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की विशेषज्ञ सर्जिकल क्षमता, बेहतर टीमवर्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था को दर्शाती है।