राजधानी भोपाल में पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही महिला को अचानक पैर में कुछ चुभा। शुरुआत में उन्हें मामूली चोट का एहसास हुआ लेकिन जब अस्पताल पहुंचकर जांच कराई तो पता चला कि उनके पैर में गोली लगी है। टीला जमालपुरा इलाके में हुई इस घटना ने पुलिस को भी उलझा दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गोली आई कहां से? क्या किसी ने महिला को निशाना बनाया या कहीं और से चली गोली उन्हें आकर लगी? फिलहाल गोली चलने की दिशा, स्रोत और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और संबंधित फ्लैट को सील किया गया है।
घटना टीला जमालपुरा क्षेत्र में कच्ची मस्जिद रोड स्थित हैदर टावर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सायरा खान अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही थीं। इसी दौरान उन्हें पैर में अचानक कुछ चुभने का एहसास हुआ। उस समय उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह गोली लगने की घटना हो सकती है। बाद में अस्पताल में जांच कराने पर पता चला कि उनके पैर में गोली लगी है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। महिला का एक नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। घटना की परिस्थितियां सामने आने के बाद पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी।
आखिर कहां से आई गोली
इस मामले का सबसे पेचीदा पहलू गोली लगने की परिस्थितियां हैं। महिला पांचवीं मंजिल की छत पर मौजूद थीं, ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस दिशा से आई और उसका स्रोत क्या था। क्या आसपास की किसी इमारत या स्थान से गोली चलाई गई? किसी ने जान-बूझकर सायरा खान को निशाना बनाया? या फिर किसी दूसरी जगह चली गोली उन्हें आकर लगी? फिलहाल इनमें से किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस महिला के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों का मिलान कर रही है। जांच में गोली की दिशा, आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों को अहम माना जा रहा है। हालांकि अभी तक गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान या घटना के पीछे की वजह को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: दमोह: विवाहिता पर गर्म चाय डालकर विवाहिता को जलाया, दस दिन में हुई मौत, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच के बाद संबंधित फ्लैट को सील कर दिया गया, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके और जांच प्रभावित न हो। अब पुलिस मौके से जुटाए गए साक्ष्यों, महिला के बयान और घटना से जुड़े दूसरे तथ्यों का विश्लेषण कर रही है। फॉरेंसिक जांच से गोली लगने की परिस्थितियों और उसके स्रोत का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के अनुसार फरियादिया के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया एफआईआर दर्ज की गई है। महिला ने बताया कि छत पर टहलते समय उन्हें पैर में कुछ चुभने का एहसास हुआ था। बाद में अस्पताल में जांच कराने पर गोली लगने की जानकारी सामने आई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला को गोली किस तरह और कहां से लगी। मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
हादसे का शिकार हुई महिला?
हैदर टावर की पांचवीं मंजिल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा और गोली चलने की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला को गोली किस दिशा से लगी, क्या किसी ने उन्हें निशाना बनाया था और गोली चलने की वास्तविक वजह क्या थी, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।