भोपाल के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी स्कूल वैन के चालक पर सरेराह तलवार और चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने जमीन विवाद को लेकर धमकी दी और बाद में पीड़ित के घर पहुंचकर परिवार को भी डराया-धमकाया।
भोपाल के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को चुनौती दी गई है। यहां बदमाशों ने सरेराह, बच्चों से भरी एक स्कूल वैन को रोककर उसके ड्राइवर पर तलवार और छुरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। चिचली बैरागढ़ निवासी पीड़ित वैन चालक अयाज खान शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रहा था।
विज्ञापन
इसी दौरान ओम नगर के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने फिल्मी तरीके से अपनी मोटरसाइकिल स्कूल वैन के आगे अड़ा दी। इसके बाद अयाज जैसे ही रास्ता खाली कराने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा, बदमाशों ने उस पर हथियारों से हमला कर दिया। इससे अयाज के सिर और हाथ में चोट आई हैं। जब स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को बचाने का प्रयास किया, तो बेखौफ बदमाशों ने उन्हें भी चाकू दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
धमकी-अभी तो और छुरियां पड़ेंगी...
पीड़ित अयाज ने पुलिस को बताया कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था। हमलावर वार करते समय चिल्ला रहे थे, अनस फारूक की जमीन से हट जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे। वारदात के कुछ ही देर बाद मुख्य आरोपी अनस फारूक भी मौके पर पहुंचा और घायल ड्राइवर को धमकी देते हुए बोला-जाकर पट्टी करवा लो, अभी तो और छुरियां पड़ेंगी। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पीड़ित के घर पर भी हमला बोलकर उसके पूरे परिवार को खौफजदा कर दिया।
पैतृक जमीन का पुराना विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस खूनी संघर्ष के पीछे कोई तात्कालिक कारण नहीं, बल्कि पैतृक जमीन को लेकर रिश्तेदारों के बीच चल रहा पुराना संपत्ति का विवाद है। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। चूनाभट्टी थाना पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।