फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhopal News: राजधानी के प्रकाश तरण पुष्कर में क्लोरीन गैस लीक, चार बच्चे बीमार; स्विमिंग के दौरान मचा हड़कंप

Wed, 20 May 2026 10:23 PM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में क्लोरीन गैस रिसाव से स्विमिंग कर रहे बच्चों में अफरातफरी मच गई। चार बच्चों की तबीयत बिगड़ी, जिनमें दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन
स्विमिंग पूल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी भोपाल स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में बुधवार शाम एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। लिंक रोड नंबर-1 स्थित इस स्विमिंग पूल में क्लोरीन गैस के रिसाव से अफरातफरी मच गई। हादसे के समय करीब 20 से 25 बच्चे स्विमिंग कर रहे थे। अचानक पूल परिसर में गैस फैलने लगी, जिसके बाद बच्चों को तेज खांसी, घबराहट और सांस लेने में तकलीफ होने लगी।

घटना में चार बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत जयप्रकाश चिकित्सालय ले जाया गया। इनमें से दो बच्चों को भर्ती किया गया, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। डॉक्टरों ने सभी बच्चों को 24 घंटे निगरानी में रखने की सलाह दी है।

परिजनों के अनुसार स्थिति बेहद डरावनी थी। अभिभावक सचिन जैन ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी आध्या जैन भी पूल में मौजूद थी। गैस रिसाव के बाद बच्चों में अचानक बेचैनी बढ़ गई। उनकी बेटी की हालत इतनी बिगड़ गई कि वह बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गई थी। उसे करीब 20 मिनट तक लगातार तेज खांसी आती रही। वहां मौजूद महिलाओं ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर हालत नियंत्रित की।

विज्ञापन


पढ़ें:  मोहन सरकार ने दी तबादला नीति को मंजूरी,1 जून से 15 जून तक होंगे स्थानांतरण

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

विज्ञापन

घटना के बाद स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूल प्रबंधन के मैनेजर हेमंत जारिया ने स्वीकार किया कि पाइपलाइन में खराबी के कारण क्लोरीन गैस लीक हुई। उनका कहना है कि हवा के दबाव के चलते रिसाव बढ़ गया था। शिकायत मिलते ही क्लोरीन टंकी बदल दी गई और बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

गौरतलब है कि प्रकाश तरण पुष्कर में एक महीने के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले यहां तैराकी के दौरान एक व्यवसायी की मौत हो चुकी है। उस घटना में भी लापरवाही और आपातकालीन व्यवस्थाओं की कमी सामने आई थी। लगातार हो रहे हादसों ने पूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें