चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बरेली में मौलाना तौकीर रजा की हिंदुओं पर की गई अनर्गल टिप्पणी पर बयान दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वो मौलाना पर जमकर बरसे और दो टूक शब्दों में कहा कि मौलाना भूल रहे हैं कि यह हिंदुस्तान है और पाकिस्तान की शब्दावली हिंदुस्तान में नहीं चलेगी। इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण और देश को तोड़ने वाली बातों के खिलाफ देशद्रोह का प्रकरण दर्ज होना चाहिए। ऐसे लोग जो देश में धार्मिक उन्माद फैलाते हैं उन्हें इस देश में रहने का हक नहीं है। मौलाना जी को अपने बयान को लेकर विचार करना चाहिए। ये हिंदुस्तान है यहां विघटनकारी ताकतों को रहने का कोई हक नहीं है। मौलाना के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए और उन्हें जेल के पीछे होना चाहिए।
बता दें कि शुक्रवार को बरेली में मुस्लिम धर्म संसद का आयोजन किया गया था, जिसमें मौलाना तौकीर रजा ने हिन्दुओं को लेकर विवादित बयान दिया था। धर्म संसद में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने हिंदुओं से सवाल किया था कि श्री राम और श्री कृष्ण युग की बात करें तो राम की लड़ाई रावण से हुई थी, कृष्ण की लड़ाई कंस से हुई थी हिन्दू ये बताएं कि मुस्लमान उस युग में कहां थे और उनकी लड़ाई हिन्दुओं से कब हुई। बरेली के इस्लामिया मैदान में आयोजित इस धर्म संसद में करीब 20 हजार मुस्लिम शामिल हुए थे। आयोजन में कोरोना नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं न लोगों ने मास्क लगाया था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया था।