भोपाल की सेंट्रल जेल से कल रात फरार हुए सिमी के आठों आतंकियों को मध्यप्रदेश पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। खास बात ये है कि फरारी के चंद घंटे बाद ही पुलिस ने सभी आतंकियों को मुठभेड़ में मारने में सफलता हासिल की है।
बताया जाता है कि मुठभेड़ राजधानी भोपाल से दस से पन्द्रह किलोमीटर दूर ईंटखेड़ी गांव में हुई, जहां फरारी के बाद ये आतंकी छुपे हुए थे। इस छोटे से गांव में एक पहाड़ भी है जिस पर कुछ झोपड़ियां बनी हुई हैं इन्हीं खाली झोपड़ियों में आतंकियों ने फरार होने के बाद पनाह ली थी।
पुलिस को आतंकियों की गतिविधि की सूचना मुखबिरों के द्वारा मिली थी जिन्होंने कुछ अजनबी लोगों को इलाके में घूमते हुए देखा था। सूचना मिलते ही अलर्ट पर चल रही पुलिस तुरंत हरकत में आई और पहाड़ी की घेराबंदी कर आतंकियों को कर सरेंडर करने की चेतावनी दी गई।
लेकिन बताया जाता है कि आतंकियों ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया जिसके बाद आमने सामने की मुठभेड़ में पुलिस ने आठों आतंकियों को मार गिराया।