भोपाल जेल ब्रेक कांड में अधिकारियों की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इन्हीं सवालों के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पता चला है कि जिस समय यह घटना हुई जेल की सुरक्षा में तैनात रहने वाले 80 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी कैदियों को छोड़कर अधिकारियों के घरों की सुरक्षा कर रहे थे। इनमें से कई गार्ड़ तो पूर्व जेल मंत्री के घर की सुरक्षा में तैनात थे। नतीजा ये रहा कि सेंट्रल जेल जैसी महत्वपूर्ण जेल की सुरक्षा व्यवस्था मात्र 30-35 सुरक्षाकर्मियों के भरोसे रह गई। इन 80 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों के गायब रहने का मामला सुर्खियों में छाया हुआ है। हालांकि वर्तमान जेल मंत्री इस दावे का खंडन करती हैं लेकिन यह नहीं बता पाईं कि इन सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी कहां थी।
खबरें हैं कि जेल और कैदियों की सुरक्षा में रहने वाले जेल के इन सुरक्षाकर्मियों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के घर और कार्यालय, जेल मंत्री कुसुम मेहदेले, पूर्व जेल मंत्री, जेल अधिकारियों और जेल हेडक्वार्टर की सुरक्षा में तैनात किया गया था।