भोपाल: 70 लाख के अवैध खिलौने जब्त
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की टीम ने गुरुवार को राजधानी के एक निजी मॉल में छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख के अवैध खिलौने जब्त किए हैं। बीआईएस के सीनियर वैज्ञानिक रमण त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए चायनीज खिलौनों को जब्त करने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना के आधार बीआईएस और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्टोर पर कार्रवाई की और बड़ी मात्रा में अवैध खिलौने बरामद किए। दुकान से करीब 70 लाख रुपये के अवैध खिलौने जब्त किए गए हैं। टीम फिलहाल खिलौने किन-किन देशों से आयत किए गए हैं, और कब से यह कारोबार चल रहा है। इसकी जानकारी जुटाने में लगी है।
टीम प्रमुख रमण त्रिवेदी ने बताया कि देश में बिना आईएसआई मार्क वाले खिलौने बेचना प्रतिबंधित है। लेकिन प्रतिबंध के बावजूद मार्केट में कुछ जगहों पर अवैध खिलौने बेचे जा रहे हैं। अवैध खिलौनों की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बीआईएस की टीम खिलौना स्टोर पर पहुंची और भारी मात्रा में चाइनीज खिलौनों को जब्त कर स्टोर को सील किया।
रमण त्रिवेदी ने बताया कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार बिना आईएसआई प्रमाणित खिलौने बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। दुकानदार पैसों के लिए बच्चों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं और सस्ते दामों पर खिलौने आयात कर उन्हें मंहगे दामों पर बचते हैं। बता दें कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देशभर में अवैध खिलौने के खिलाफ अभियान चला रहा है. राजधानी भोपाल में 13 सदस्यीय टीम लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है।