मंत्री विश्वास सारंग आरओबी का निरीक्षण करने पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के भारत टॉकिज रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का मरम्मत कार्य होगा। बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग ने ब्रिज का निरीक्षण किया। सारंग ने कहा कि ब्रिज 25 साल के लिए दोबारा तैयार हो जाएगा।
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि भोपाल शहर में बस स्टेशन एवं पुराने शहर को रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक-एक से जोड़ने वाले भारत टॉकीज रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण वर्ष 1974 में किया गया था। अब ब्रिज के विशेष मरम्मत कार्य से पुल लगभग 25 साल के लिये पुन: तैयार हो जायेगा। ब्रिज के मरम्मत कार्य पर लगभग ढ़ाई से तीन करोड़ का व्यय होगा। मंत्री सारंग ने बताया कि ब्रिज के मरम्मत कार्य से थोड़े समय ट्रेफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा। जिला प्रशासन और ट्रेफिक पुलिस की प्लानिंग के अनुसार ट्रेफिक डायवर्ट करने सुव्यवस्थित प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम रहे। उन्होंने बताया कि अशोका गार्डन की 80 फीट रोड और सुभाष नगर आरओबी से ट्रेफिक व्यवस्था दुरूस्त हुई है। बरखेड़ी के नज़दीक अंडरपास का अतिक्रमण हटने से भी आवागमन सुविधाजनक होगा।
गोडाउन खाली कराने के निर्देश
सारंग ने भारत टॉकीज आरओबी के नीचे बने गो-डाउन को खाली कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 2 दिन के अंदर अतिक्रमण किए गये एरिये को मुक्त करवाया जाये।
8 माह में पूरा होगा काम
इंजीनियरों ने बताया कि पुल अधिक पुराना होने के कारण उसके बियरिंग एवं पेडस्टल क्षतिग्रस्त हो गए है। तथा राइडिंग की स्थिति भी खराब है। पुल के सभी बियरिंग एवं पेडस्टल का कार्य किया जायेगा। साथ ही राइडिंग सरफेस को ठीक करने के लिये वर्तमान सरफेस को डिस्मेंटल कर नया सरफेस मास्टीक एसफाल्ट से किया जाएगा। एस्पान्सन ज्वाइंट का रख-रखाव भी किया जायेगा। इसके अतिरिक्त फुटपाथ पर लगे पेविंग ब्लाक हटाकर नया सरफेस बनाया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य के लिये कार्यादेश जारी किया गया है। कार्य को पूर्ण करने के लिये 8 माह का समय निर्धारित किया गया है।