भिंड पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा
भिंड जिले की मौ थाना पुलिस ने सनसनीखेज अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक के सगे भाई और दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुरानी कार की मासिक किश्त चुकाने से बचने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर पूरी रात घुमाया गया और अगले दिन सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार, जहरीली दवा की शीशी, गला घोंटने में इस्तेमाल साफी और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को ग्राम घमुरी की पुलिया के पास एक खेत में अतर सिंह जाटव का शव मिला था। सूचना मिलते ही मौ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी गोहद महेंद्र सिंह गौतम और थाना प्रभारी रघुवीर मीणा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
ये भी पढ़ें-
ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन के गेट पर पेट्रोल बम फेंकने से मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अतर सिंह के नाम पर एक पुरानी कार खरीदी गई थी, जिसकी मासिक किश्त चुकाने की जिम्मेदारी थी। इसी जिम्मेदारी से बचने के लिए दामाद और मृतक के भाई ने मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने 20 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे अतर सिंह को पहले जबरन जहरीली दवा पिलाई। इसके बाद साफी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। शव को कार की डिग्गी में रखकर दामाद अपने घर ले गया, जहां पूरी रात शव वाहन में ही पड़ा रहा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अगले दिन आरोपी उसी कार से दंदरौआ मंदिर दर्शन करने गए। रात होने पर उन्होंने शव को घमुरी पुलिया के नीचे फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन रुपावई नदी में फेंक दिया। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ जारी है।