Bhim Army chief Chandrashekhar Azad
- फोटो : ANI
ग्वालियर पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 90 प्रतिशत आबादी बहुजन समाज की है। लेकिन उनकी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक हैसियत न के बराबर है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा नेता प्रीतम लोधी का निष्कासन इसी का एक उदाहरण है। भाजपा ने प्रतिम लोधी की हैसियत बताई है। वह संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर की शरण में आए हैं। इसलिए उन्हें कथित बागेश्वर धाम महाराज के श्राप से विचलित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बाबा भीमराव अंबेडकर का संविधान सुरक्षा कवच के रूप में उनके साथ है।
प्रीतम लोधी ने ग्वालियर में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। चंद्रशेखर रावण ने कहा कि ग्वालियर दौरे के दौरान उन्हें शिवपुरी में 100 से ज्यादा दलित उत्पीड़न की शिकायतें मिली है। प्रदेश में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग का शोषण किया जा रहा है। पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की थी। लेकिन पंचायत चुनाव में यह सिर्फ 7.5 प्रतिशत आरक्षण पर ही चुनाव लड़ा गया। बहुजन समाज वर्ग के लोग आज भी गुलाम भारत जैसे हालातों में जीने को मजबूर है। यहां तक की दलित बेटियों को स्कूल नहीं जाने दिया जा रहा है। दलित के मूछें रखने पर हत्या कर दी जाती है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों पर भी एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग का कोई अधिकार नहीं है। सभी संसाधन संपन्न वर्ग के लोगों के कब्जे में है।लोगों के पास काम नहीं है। पैसा और जमीन न होने की वजह से दोयम दर्जे का जीवन जीने के मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जन जागरण करने के मकसद से वह सभी जिलों को समाहित करते हुए एक न्याय यात्रा निकालेंगे। प्रदेश की राजधानी भोपाल में न्याय यात्रा का समापन होगा।