झल्लार थाना क्षेत्र के खोदरी गांव में 25 वर्षीय युवक शेखर पाल की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, शराब पार्टी के दौरान मृतक ने एक आरोपी की पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इससे नाराज दो सगे भाइयों ने शेखर के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से सिर व गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को शेखर की मां ने झल्लार थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि शेखर सुबह करीब 9 बजे खोदरी निवासी सुनील टांडिलकर भगत के साथ सिरदर्द का इलाज कराने की बात कहकर घर से निकला था। शाम तक वापस नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान रात करीब 8 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि खोदरी में सुनील के घर पर शेखर की हत्या कर दी गई है। परिजनों ने सुनील और उसके भाई गजानंद पर संदेह जताया। सूचना मिलने पर झल्लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें-
रसिक दुलारी मौत: प्रेमानंदजी महाराज के शिष्य की मौत पर बड़ा ट्विस्ट, अब पंडोखर सरकार ने पुलिस को दिया क्या ऑफर
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के समय गजानंद, सुनील और शेखर गजानंद के घर पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान शेखर ने गजानंद की पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बात से गजानंद नाराज हो गया और दोनों भाइयों ने मिलकर शेखर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने धारदार हथियार से शेखर के सिर और गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को गजानंद के घर के सामने स्थित सुनील के टपरे में छिपा दिया। पुलिस ने शव वहीं से बरामद किया।
24 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गजानंद टांडिलकर (31) और उसके भाई सुनील टांडिलकर (33), दोनों निवासी खोदरी, को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी की टीम ने भी जांच की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या की परिस्थितियों और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।