सार
बैतूल के जेएच कॉलेज में गणेश विसर्जन के दौरान 19 वर्षीय बीएससी छात्रा प्रतीक्षा वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने तेज डीजे साउंड को वजह बताया, जबकि पुलिस ने हार्ट संबंधी बीमारी की जानकारी दी है।
डीजे बजता रहा, प्रतीक्षा बेसुध होकर गिर गई
- फोटो : अमर उजाला
बैतूल के जेएच कॉलेज में गणेश विसर्जन के दौरान एक 19 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका प्रतीक्षा वर्मा बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी और गणित विषय से पढ़ाई कर रही थी। वह शाहपुर ब्लॉक के सोहागपुर ढाना की रहने वाली थी।
प्रतीक्षा अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज परिसर में विराजित गणेश प्रतिमा के दर्शन करने गई थी। उस समय कॉलेज में विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था और पास में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान प्रतीक्षा को अचानक चक्कर आया और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। सहेलियों ने उसे उठाकर बेंच पर बैठाया और पानी पिलाया, लेकिन कुछ देर बाद वह पूरी तरह बेहोश हो गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, प्रतीक्षा पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसे जन्म से ही दिल में छेद की शिकायत थी और उसका बैतूल से भोपाल तक इलाज चला था। हालांकि, पिछले पांच-छह साल से वह पूरी तरह स्वस्थ थी। परिजनों का कहना है कि इस दौरान उसे कभी चक्कर या घबराहट की शिकायत नहीं हुई। घटना वाले दिन सुबह उसने घर पर गणेश विसर्जन के दौरान डांस भी किया था।
पढे़ं: खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: गहरे तालाब में डूबे 5 युवक, तीन को बचाया गया; दो सगे भाइयों की मौत
परिजनों ने तेज आवाज में बज रहे डीजे को प्रतीक्षा की मौत की वजह बताया है। उनका कहना है कि अगर डीजे की आवाज इतनी तेज नहीं होती तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी। हालांकि, पुलिस और डॉक्टरों ने अभी डीजे की तेज आवाज को मौत की आधिकारिक वजह नहीं माना है।
एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली थी कि कॉलेज के गणेश पंडाल में एक छात्रा को चक्कर आया है। प्रारंभिक जांच में छात्रा के पहले से हार्ट संबंधी बीमारी होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद छात्रा के परिवार और सहेलियों में शोक का माहौल है। वहीं, इस घटना ने गणेश विसर्जन और अन्य आयोजनों में तेज आवाज में बजने वाले डीजे को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।