मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ जुलवानिया क्षेत्र में खरगोन रोड स्थित टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार टैंकर और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल एक बारात में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
डीजल डलवाकर लौटते समय काल बना टैंकर
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब राजपुर क्षेत्र के समीप अंतर संभा जलगोन से आई एक बारात के कुछ सदस्य कार से जुलवानिया गए थे। कार में डीजल खत्म होने के कारण वे डीजल डलवाने पहुंचे थे। लौटते समय खरगोन की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में जान गंवाने वाले और घायलों की जानकारी
इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने जुलवानिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सचिन गोकूल वास्कले (25): निवासी पटेलपुरा साकड़।
- प्रदुम्य पिता गुलीचंद सहते (25): निवासी सालखेड़ा।
- पप्पू पिता हिरालाल (29): निवासी लिम्बई।
- आकाश पिता दयाराम (25): निवासी रालामंडल।
पढ़ें: 11 साल के मासूम का बेरहमी से कत्ल, घर के नीले ड्रम में छिपाया हुआ था शव; पूरे इलाके में दहशत
गंभीर घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी
हादसे में घायल हुए तीन अन्य लोगों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घायलों में सुरेश मांगीलाल (28, निवासी देवझिरी), सोहन झाबर (28, निवासी सालखेड़ा) और यशवंत सुपड़िया (30, निवासी जलगोन) शामिल हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुरुआती इलाज के बाद तीनों को उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय बड़वानी रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टैंकर चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद मृतकों के गांव और बारात वाले घर में मातम छा गया है।