प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 123वें एपिसोड में मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले का नाम एक बार फिर पूरे देश में गूंजा। इस बार चर्चा का केंद्र रहीं कटंगी ब्लॉक की रहने वाली सुमा उईके, जिन्होंने अपने आत्मबल और मेहनत के दम पर न केवल खुद को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा देने वाला काम किया।
सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़कर सीखी मशरूम की खेती
पीएम मोदी ने कहा, "मध्य प्रदेश की सुमा उईके का प्रयास बहुत सराहनीय है। उन्होंने सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़कर मशरूम की खेती और पशुपालन की ट्रेनिंग ली। इससे उन्हें आत्मनिर्भरता की राह मिल गई।" कटंगी की सुमा पहले घरेलू कामों तक सीमित थीं, लेकिन उन्होंने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर ट्रेनिंग ली और छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया। इसके बाद उन्होंने बकरी पालन भी शुरू किया। धीरे-धीरे उनकी आय में इजाफा होने लगा।
कमाई बढ़ी तो शुरू किया दीदी कैंटीन
सूमा उईके यहीं नहीं रुकीं। जब आय स्थिर हो गई तो उन्होंने अन्य महिलाओं को भी जोड़कर एक ‘दीदी कैंटीन’ की शुरुआत की, जहां सस्ते दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यह कैंटीन न केवल ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हुई, बल्कि इससे अन्य महिलाओं को भी रोज़गार मिला।
ये भी पढ़ें-
टीकमगढ़ की बेरहम मां, तालाब में फेंक दिया अपना आठ दिन का बच्चा, व्यक्ति ने छलांग लगाकर बचाई जान
थर्मल थैरेपी सेंटर की भी रखी नींव
खास बात यह है कि सुमा ने अब अपने क्षेत्र में एक थर्मल थैरेपी सेंटर भी शुरू किया है, जहां प्राकृतिक चिकित्सा के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। इससे आसपास के ग्रामीणों को इलाज का एक नया और किफायती विकल्प मिला है।
प्रधानमंत्री ने की सराहना, कहा– देश की तकदीर बदल रहीं महिलाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के कोने-कोने में सुमा जैसी अनगिनत महिलाएं हैं जो अपने पुरुषार्थ और परिश्रम से न केवल अपना जीवन संवार रहीं, बल्कि देश का भी भाग्य बदल रही हैं।
ये भी पढ़ें-
रतलाम में डीजल में पानी मिलने के बाद मंत्री ने दिखाई सख्ती, पेट्रोल पंपों की जांच के दिए निर्देश
गांव की महिलाएं बोलीं– हमारे लिए गर्व का पल
मन की बात में सूमा का नाम सुनते ही उनके गांव कटंगी में खुशी का माहौल बन गया। महिलाओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर उनका स्वागत किया। एक स्थानीय महिला रीना उईके ने कहा, “हमें गर्व है कि हमारी दीदी का नाम खुद प्रधानमंत्री ने लिया। अब हम सब भी आगे बढ़ने की प्रेरणा ले रही हैं।”