मधुमक्खियों के हमले में वृद्ध महिला घायल हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
आमखेड़ा गांव में घर के पास बने कुएं पर नहा रही वृद्ध महिला मैदाबाई पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। महिला को बचाने गए अन्य परिजनों पर भी मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया, जिससे 5 लोग घायल हो गये जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है ।
मिली जानकारी के अनुसार राजपुर कस्बे के पास आमखेड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर के समय वृद्ध महिला मैदाबाई कुएं पर नहा रही थी। कुएं के पास लगे पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। अचानक से मधुमक्खियों ने वृद्ध महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीखें सुनकर बेटा-बहू एवं पोती बचाने पहुंचे तो उन पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से पोती प्रीति कुशवाहा (16), बेटा तोलाराम कुशवाहा, कल्लू कुशवाह एवं सुरेश कुशवाह घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें से वृद्ध महिला मैदाबाई, प्रीति और तुलाराम की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।