दोनों वाहनों की टक्कर और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जानते डीएम और एसपी
- फोटो : अमर उजाला
अनूपपुर-राजेंद्र ग्राम मार्ग पर बस और ऑटो की सीधी टक्कर में जहां मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस मामले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए पहले तो जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने के पश्चात कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों के परिजनों से बात करने के साथ ही उन्हें ढांढस बंधाया।
बता दें कि बुधवार सुबह 10:30 बजे अनूपपुर-राजेंद्र ग्राम मार्ग पर किरर घाट के नीचे शहडोल से अमरकंटक की ओर जा रही नफीस ट्रैवेल्स की बस क्रमांक एमपी-18 पी-9786 और सामने की ओर से आ रहे ऑटो क्रमांक एमपी-65 जेडपी-3401 में सीधी टक्कर हो गई, जिसके कारण ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें सवार रामकुमार गोंड पिता दशरु सिंह गौड़ उम्र 40 वर्ष, मोहवती पति जगन्नाथ सिंह उम्र 40 वर्ष दोनों निवासी ग्राम बड़हर एवं सुखिया बाई पति लच्छू सिंह गौड़ उम्र 50 वर्ष निवासी भमरहा थाना राजेंद्र ग्राम तीन की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: अमरवाड़ा में नरवाई जलाने पर सात किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, दी ये हिदायत
दूसरी ओर घटना में माधव गौड़ पिता दामा गौड़ उम्र 65 वर्ष निवासी बड़हर, राजवती पिता लंगरू सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी बंधवा टोला थाना धनपुरी, दुर्गावती पति बालकरण गौड़ उम्र 55 वर्ष निवासी बड़हर, छोटेलाल पिता कंटा यादव उम्र 40 वर्ष निवासी बड़हर एवं ऑटो चालक अमित पिटकाटकू चौधरी उम्र 28 वर्ष निवाशी बड़हर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पहले तो जिला चिकित्सालय और यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल के लिए रेफर किया गया है।
बाजार करने जा रहे थे, मोड में बस ने मार दी जोरदार टक्कर
घटना के बारे में बताया गया कि ऑटो में वाहन चालक के साथ कुल आठ लोग बैठे हुए थे, जिनमें तीन मृतक और पांच घायल हैं। जैसे ही मोड़ के पास ऑटो पहुंचा था। सामने से तेज रफ्तार आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण ऑटो के परखच्चे उड़ गए। यह सभी लोग आसपास के गांव के ही थे और बाजार करने के लिए अनूपपुर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का मामला, पंचायत सचिव हेतराम चतुर्वेदी निलंबित
सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की खबर मिलते ही कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान ने मौके पर पहुंच कर जिला चिकित्सालय में घायलों का हाल जाना। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया।