अमरकंटक के बीजापुरी पर्यटक ग्राम के होम स्टे में बिजली की समस्या
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में अमरकंटक के चारों तरफ दर्शनीय स्थल हैं। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। पर्यटकों को आदिवासी जीवन शैली से परिचित कराने के लिए पर्यटक गांव भी बनाए गए हैं। अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत स्थित ग्राम पंचायत बीजापुरी नंबर 1 को पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है जहां वर्तमान समय में लगभग 30 लाख रुपए की लागत से 10 होम स्टे योजना के घर निर्मित किए गए हैं । यहां आकर पर्यटक आदिवासी कला संस्कृति से रूबरू हो सकते हैं। इन होम स्टे में काम पूरा हो चुका है लेकिन बिजली का कनेक्शन नहीं है। इससे पर्यटकों को परेशानी हो रही है।
10 होम स्टे का हो रहा है निर्माण, 3 का कार्य हुआ पूर्ण
बीजापुरी नंबर 1 में 10 होम स्टे आवास का निर्माण कार्य किया जा रहा है लगभग 3 लाख की लागत से प्रत्येक होम स्टे बनाए जा रहे हैं । जिनमें से तीन होम स्टे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है शेष पर कार्य चल रहा है। जिन होमस्टे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहां व्यवस्थाएं नहीं हैं।
ये भी पढ़ें-क्यों अपनी बेटी को शासकीय विद्यालय में पढ़ा रही हैं शहडोल सांसद हिमाद्री, जानें दाखिला कराकर क्या कहा
कटिया लगाकर की जा रही है बिजली आपूर्ति
हितग्राही टीकम सिंह एवं वीर सिंह को होम स्टे मिला है। इसमें कटिया लगाकर बिजली की सप्लाई की जा रही है जो खतरनाक होने के साथ ही विभागीय लापरवाही को प्रदर्शित कर रहा है। अभी तक इन सभी होम स्टे में बिजली के मीटर नहीं लगाए गए हैं। हितग्राहियों के निजी घर से भी बिजली आपूर्ति की जा रही है।
सड़क पहुंच मार्ग का अभाव
कई होम स्टे में सड़क पहुंच मार्ग का भी अभाव है। मुख्य मार्ग से लगभग आधा किलोमीटर अंदर जर्जर सड़क से होम स्टे तक पहुंचाने का मार्ग है। बारिश के दिनों में इस मार्ग पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्राम पंचायत स्तर से अब तक यहां सड़क नहीं बनाई गई है। होमस्टे का निर्माण कर दिए जाने के बाद भी यहां पर्यटकों के वाहनों का पहुंचना आसान नहीं है। इस पूरे मामले में जिला पंचायत के सीईओ तन्मय वशिष्ठ शर्मा का कहना है कि जल्द ही सारे काम पूर्ण कर लिए जाएंगे। ये काम जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि से होंगे।