अनूपपुर जिले के कोतमा थाना अंतर्गत पुलिस ने एक ट्रक 409 वाहन कबाड़ को परिवहन करते पकड़ा है। मौके पर वाहन चालक रवि सिंह 24 वर्ष को गिरफ्तार करते हुए कबाड़ एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज नहीं पाए गए। उक्त कबाड़ मुकेश जायसवाल उर्फ बबलू के ठीहे से लोड होकर बुढार के कबाड़ी कपिल जैन उर्फ बड्ढे के यहां जा रहा था।
कार्रवाई के बारे में थाना प्रभारी सुंद्रेश सिंह मरावी ने बताया कि रात को वाहन क्रमांक एमपी-18 जीए-2433 में चार टन कबाड़ लोड होकर केशवाही बुढार की ओर जा रहा था। प्रधान आरक्षक राम यादव, दिनेश राठौर, चक्रधर तिवारी, दिनेश किराडे, अभय द्विवेदी के साथ घेराबंदी किए जाकर मौके पर अवैध कबाड़ को जब्त कर कार्रवाई की गई।
मामले में आरोपी मुकेश जायसवाल उर्फ बबलू उम्र 35 वर्ष पिता श्रीमन जायसवाल निवासी मनमारी, रवि सिंह 24 वर्ष पिता ओंकार सिंह निवासी जरवाही थाना बुढार एवं कपिल जैन उर्फ बड्ढे के खिलाफ धारा 303 (2) 317 (5) 61 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बबलू जायसवाल के खिलाफ कोतमा एवं भालूमाडा थाने में कबाड़ चोरी एवं अन्य धाराओं के आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जब्त कबाड़ चार टन कीमती एक लाख एवं वाहन कीमत पांच लाख कुल कीमत छह लाख रुपये बताई जा रही है, जिसमें लोहे के गटर, पाइप, साइकिल दरवाजे सहित कालरी के कल पुर्जे जब्त किए गए।