अनूपपुर में एक रात में आठ घरों में घुसे चोर
- फोटो : अमर उजाला
अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर ए टाइप कॉलोनी में एक ही रात्रि में चोरों ने आठ घरों के ताले काट दिए। पुलिस केवल सायरन बजाती रह गई।
ए टाइप निवासी प्रदीप भंडारी, शांति नगर निवासी नगर परिषद उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, विजय पांडे, टुनटुन सिंह सहित आठ घरों के ताले काटकर चोर घरों में घुसे। अच्छी बात यह रही कि घरों में कीमती सामान न होने से चोर ज्यादा कुछ नहीं ले गए। जिससे लोगों को कोई अधिक हानि तो नहीं हुई है, लेकिन जिस प्रकार से एक ही रात्रि में आठ घरों के ताले टूटे हैं क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस की कार्य प्रणाली पर भी नगरवासी सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर वह कैसे सुरक्षित रहेंगे। वहीं इस पूरे मामले में कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। जिस संबंध में स्थानीय पुलिस का कहना है कि कोई रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया। इसलिए रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। वहीं लगातार आठ घरों में हुई चोरियों के बाद स्थानीय लोगों के साथ व्यापारी दहशत में हैं।
इस संबंध में रामनगर थाना प्रभारी अमर वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्टाफ को भेज कर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। अपराधियों की खोज चल रही है। जल्द ही उनका पता लगा लिया जाएगा।