जिले में अब शराब माफिया इतने बेखौफ हो चुके हैं कि जनप्रतिनिधियों को भी जान से मारने की धमकियां देने लगे हैं। हाल ही में जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब ठेकेदार ने अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री के पुत्र और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तेजभान सिंह को फोन पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में तेजभान सिंह ने भालूमाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तेजभान सिंह के अनुसार भालूमाड़ा और जमुना क्षेत्र में शराब दुकानों का संचालन करने वाला ठेकेदार प्रशांत राय न केवल लाइसेंसधारी दुकानों के माध्यम से शराब बेच रहा है, बल्कि अपने कर्मचारियों से गांव-गांव में अवैध शराब पैकारी भी करवा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कारोबार के चलते युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और आए दिन झगड़े व जानलेवा घटनाएं सामने आ रही हैं।
ये भी पढ़ें: MP News: करणी सेना करेगी ‘EWS क्रांति’ का आगाज, 26 अक्टूबर को उज्जैन से उठेगी समान अधिकारों की आवाज
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए तेजभान सिंह ने पुलिस को इस अवैध शराब बिक्री की जानकारी दी और शराबमुक्त अभियान चलाने की पहल की। इसी बात से नाराज होकर ठेकेदार प्रशांत राय ने 24 अक्टूबर की सुबह उन्हें फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक उसने कहा कि दस लड़के भेजकर तुम्हें उठवा लूंगा और खत्म करवा दूंगा।
घटना के बाद तेजभान सिंह ने तत्काल भालूमाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी के कॉल डिटेल और ऑडियो साक्ष्य की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस धमकी के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी ठेकेदार पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए और क्षेत्र को अवैध शराब के जाल से मुक्त कराया जाए।