अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम गोडारू के जंगल में 55 वर्षीय स्वामी सिंह गोंड की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून के छींटे लगे कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि गोडारू के जंगल में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसके सिर पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम गोडारू निवासी स्वामी सिंह गोंड के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का गांव के ही 26 वर्षीय श्यामसुंदर महरा से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी को लेकर संदेह के कारण भी दोनों के बीच विवाद की जानकारी सामने आई। घटना के बाद से श्यामसुंदर अपने घर से गायब था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
पढे़ं: बालाघाट में 30 आदिवासी बच्चों की मौत पर बोले राहुल गांधी, कड़ी कार्रवाई की मांग की
मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गोडारू के जंगल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 3 सितंबर को मृतक अपने मवेशियों को लेकर जंगल गया था। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मृतक के हाथ से कुल्हाड़ी छीन ली और उसके सिर व चेहरे पर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और वारदात के समय पहने गए खून के छींटे लगे कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी श्यामसुंदर महरा पिता रामप्रसाद महरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल, कोतमा पुलिस टीम और साइबर सेल की टीम शामिल रही।