विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी
अनूपपुर में मतदाता सूची में बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सामतपुर तिराहा पर एकत्रित हुए। यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्ट्रेट परिसर के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल की तैनाती के बावजूद प्रदर्शनकारी गेट खोलकर परिसर में प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछार का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। परिसर में पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
ये भी पढ़ें-
त्विषा शर्मा केस: पूर्व जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज एक्ट की धारा हटी, सीबीआई ने हाईकोर्ट में दी जानकारी
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार कौशलेन्द्र मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने, मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तय करने की मांग की गई।
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर पार्टी द्वारा उठाए गए सवालों की संवैधानिक स्तर पर समीक्षा कराने की मांग भी रखी। ज्ञापन में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच, मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में आम नागरिकों का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी निष्पक्षता से जुड़े आरोपों पर जवाबदेही तय करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी ज्ञापन में रखी। वहीं, ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया।
विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी
विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी
विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी